बैतूल में मां ने अपनी 15 महीने की बेटी के साथ पेट्रोल डालकर खुद को जिंदा जलाया, ससुराल पक्ष पर प्रताड़ना के आरोप
बैतूल, 17 सितंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के बैतूल जिले के मुलताई थाना क्षेत्र के वलनी गांव में बुधवार को एक मां ने अपनी 15 माह की बेटी के साथ पेट्रोल डालकर खुद को जिंदा जला लिया। आग लगने से दोनों गंभीर रूप से झुलस गए। दोनों को उपचार के लिए पाढर अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान पहले बच्ची और गुरुवार को महिला की मौत हो गई। घटना के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
मृतकों की पहचान 24 वर्षीय संजना साहू और उसकी 15 माह की बेटी इतिका के रूप में हुई है। संजना का करीब ढाई साल पहले कपिल साहू से विवाह हुआ था। कपिल किसान हैं। संजना का मायका हिडली गांव में है। उसके पिता राजू लहरपुरे ड्राइविंग का काम करते हैं।
परिजनों के अनुसार, बुधवार दोपहर करीब 3 बजे संजना ने अपनी छोटी बहन को वाट्सऐप पर सुसाइड नोट भेजा था। उसने इसे सोशल मीडिया स्टेटस पर भी लगाया था। सुसाइड नोट में उसने ससुराल पक्ष के कुछ लोगों पर परेशान करने और पति-पत्नी के बीच विवाद कराने के आरोप लगाए गए हैं। पुलिस ने इस संदेश को जांच का हिस्सा बनाया है। पुलिस ने बताया कि सुसाइड नाेट में संजना ने अपनी सास ललिता और बुआ सास पर प्रताड़ित करने के आरोप लगाए हैं। उसने पारिवारिक विवाद का भी उल्लेख किया था। हालांकि, संदेश में लगाए गए आरोपों की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी।
ऑपरेशन के बाद विवाद बढ़ने का दावा
मायका पक्ष के अनुसार, संजना का कुछ समय पहले अपेंडिक्स का ऑपरेशन हुआ था, जिसमें करीब 80 हजार रुपए खर्च हुए थे। परिजनों का दावा है कि इसके बाद ससुराल में विवाद बढ़ गए। मायका पक्ष ने दहेज को लेकर प्रताड़ित किए जाने का आरोप भी लगाया है। परिजनों ने महिला की मौत को लेकर भी संदेह जताया है। पुलिस इन आरोपों की जांच कर रही है।
पति समेत तीन से पूछताछ
मुलताई थाना टीआई विकास पटेल ने बताया किमहिला ने पेट्रोल डालकर आग लगाई थी। सुसाइड नोट में लगाए गए आरोपों के आधार पर पति कपिल, सास ललिता और बुआ सास को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। पुलिस घटनास्थल से मिले साक्ष्यों, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों के बयानों के आधार पर आगे की कार्रवाई करेगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे