रीवा: बीहर नदी का पुल क्षतिग्रस्त, प्रयागराज-वाराणसी रूट डायवर्ट, वाहन चालक परेशान
रीवा, 07 अप्रैल (हि.स.)। मध्य प्रदेश के रीवा शहर के बायपास स्थित बीहर नदी का पुल में गंभीर दरार आने के बाद आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया है, जिससे मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश को जोड़ने वाला प्रमुख मार्ग प्रभावित हो गया है। पुल क्षतिग्रस्त होने के चलते इस रूट पर कई किलोमीटर लंबा ट्रैफिक जाम लग गया, जिसमें सैकड़ों वाहन फंस गए।
प्रशासन के अनुसार पुल के गर्डर में दरारें और पियर कैप के क्षतिग्रस्त होने के कारण सुरक्षा के मद्देनजर 30 अप्रैल तक भारी वाहनों के आवागमन पर पूरी तरह प्रतिबंध लगा दिया गया है। गत दिवस बायपास क्षेत्र में घंटों जाम की स्थिति बनी रही, जिससे यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
इस मार्ग के बंद होने से रीवा से प्रयागराज और वाराणसी जाने वाला मुख्य रास्ता प्रभावित हो गया है। अब वाहनों को मैहर और सतना होते हुए चित्रकूट मार्ग से डायवर्ट किया जा रहा है,
हालांकि इस वैकल्पिक मार्ग पर भी यातायात का दबाव बढ़ने से जाम की स्थिति बनी हुई है। जगह-जगह रूट डायवर्जन के संकेतक लगाए गए हैं, लेकिन इसके बावजूद यात्री परेशान हो रहे हैं।
रीवा और प्रयागराज प्रशासन के बीच समन्वय स्थापित कर यातायात व्यवस्था को सुचारू करने के प्रयास किए जा रहे हैं। अधिकारियों के सामने सबसे बड़ी चुनौती पुल की मरम्मत को जल्द पूरा करना है, क्योंकि यह मार्ग दोनों राज्यों के बीच आवागमन का महत्वपूर्ण लिंक है। फिलहाल, इस मार्ग से गुजरने वाले यात्रियों को वैकल्पिक रास्तों का उपयोग करने की सलाह दी गई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजू विश्वकर्मा