बड़वानी में टैंकर-कार की टक्कर में 4 की मौत, 3 घायल, बारात से लौट रहे थे सभी
बड़वानी, 21 अप्रैल (हि.स.)। मध्य प्रदेश के बड़वानी जिले में मंगलवार को एक हृदयविदारक सड़क हादसे ने खुशियों को मातम में बदल दिया। यहां जुलवानिया टोल प्लाजा के पास तेज रफ्तार टैंकर और कार की आमने-सामने टक्कर में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हैं। सभी मृतक और घायल एक बारात में शामिल होकर लौट रहे थे।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर इतनी भीषण थी कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार लोग अंदर ही फंस गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद घायलों और मृतकों को बाहर निकाला जा सका।
हादसे में सचिन गोकुल वास्कले (25) निवासी पटेलपुरा साकड़, प्रद्युम्न पुत्र गुलीचंद सहते (25) निवासी सालखेड़ा और पप्पू पुत्र हीरालाल (29) निवासी लिम्बई की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि आकाश पुत्र दयाराम (25) निवासी रालामंडल ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। वहीं सुरेश मांगीलाल (28) निवासी देवझिरी, सोहन झाबर (28) निवासी सालखेड़ा और यशवंत सुपड़िया (30) निवासी जलगौन गंभीर रूप से घायल हैं, जिनका इलाज जारी है।
प्राथमिक जानकारी के मुताबिक, जलगौन से एक बारात राजपुर आई थी। इसी दौरान एक वाहन का डीजल खत्म होने पर कुछ युवक दूसरी कार से जुलवानिया डीजल लेने गए थे। लौटते समय सामने से आ रहे तेज रफ्तार टैंकर ने उनकी कार को टक्कर मार दी।
घायलों को तत्काल एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जुलवानिया ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायलों को जिला अस्पताल रेफर किया गया। हादसे के बाद टैंकर चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने टैंकर जब्त कर लिया है और आरोपी चालक की तलाश में जुट गई है। मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मर्ग कायम किया गया है। हादसे की खबर से शादी समारोह में शोक का माहौल छा गया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे