बड़वानी: सेंधवा में मुंबई-आगरा हाईवे पर कार और कंटेनर की आमने-सामने टक्कर, दो युवकों की मौत
दो गंभीर घायल, चालक वाहन छोड़कर फरार
बड़वानी, 01 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश के बड़वानी जिले के सेंधवा शहर से 10 किलोमीटर दूर मुंबई-आगरा राष्ट्रीय राजमार्ग पर सोमवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में महाराष्ट्र के दो युवकों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसा जामली टोल प्लाजा के समीप हुआ। तेज रफ्तार कार के अनियंत्रित होकर डिवाइडर पार करने के बाद सामने से आ रहे कंटेनर से हुई जोरदार भिड़ंत में कार के परखच्चे उड़ गए। हादसे की सूचना मिलते ही ग्रामीण थाना पुलिस, डायल-112 और एंबुलेंस टीम मौके पर पहुंची। घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां एक युवक को मृत घोषित कर दिया गया, जबकि दूसरे ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।
इंदौर जा रहे थे चारों युवक
पुलिस के अनुसार महाराष्ट्र के संभाजीनगर (औरंगाबाद) और पुणे निवासी चार युवक कार क्रमांक एमएच 11 सीडब्ल्यू 4644 से इंदौर की ओर जा रहे थे। सोमवार सुबह करीब सात बजे जब उनकी कार जामली टोल प्लाजा के समीप पहुंची, तभी अचानक वाहन अनियंत्रित हो गया और डिवाइडर पार करते हुए रॉन्ग साइड में पहुंच गया। इसी दौरान सामने से आ रहे तेज रफ्तार कंटेनर क्रमांक यूपी 21 डीटी 2996 से कार की सीधी टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार युवक अंदर ही फंस गए।
एक की मौके पर मौत, दूसरे ने अस्पताल में तोड़ा दम
हादसे में संभाजीनगर निवासी बद्रीनाथ नांगरे (30) की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं गंभीर रूप से घायल अनिकेत (28) को उपचार के लिए सेंधवा सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी भी मौत हो गई। हादसे में भूषण राजाराम (25) निवासी पुणे और अमित (26) निवासी संभाजीनगर गंभीर रूप से घायल हुए हैं। दोनों का उपचार एक निजी अस्पताल में चल रहा है। चिकित्सकों के अनुसार उनकी स्थिति गंभीर बनी हुई है।
हाईवे पर मची अफरा-तफरी
दुर्घटना के बाद हाईवे पर कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। टक्कर की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और राहत कार्य में जुट गए। पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से कार में फंसे घायलों को बाहर निकालकर एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाया गया। हादसे के कारण कुछ समय तक यातायात भी प्रभावित रहा, जिसे बाद में पुलिस ने सुचारु कराया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कंटेनर को जब्त कर लिया है। बताया जा रहा है कि हादसे के बाद कंटेनर चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश कर रही है। प्रारंभिक जांच में कार के अनियंत्रित होकर डिवाइडर पार करने की बात सामने आई है। हालांकि दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।
हादसे की सूचना मिलते ही मृतकों और घायलों के परिजनों को सूचना दे दी गई। दो युवकों की असमय मौत से उनके परिवारों में मातम छा गया है। पुलिस ने शवों का पोस्टमार्टम कराकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे