जबलपुर : बरगी डैम हादसे के बाद यात्रियों को नाविक लाईफ जैकेट कर रहे अनिवार्य

 


जबलपुर, 27 मई (हि.स.)। बरगी बांध में हाल ही में हुई नाव दुर्घटना के बाद प्रशासन द्वारा नर्मदा तटों पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी किए जाने का असर अब नाविकों में भी दिखाई देने लगा है। प्रशासन ने कुछ दिनों पहले विभिन्न घाटों पर नाव संचालन पर रोक लगा दी थी। हालांकि नाविकों ने अपनी रोजी-रोटी प्रभावित होने की बात कहते हुए प्रशासन से राहत की मांग की थी। इसके बाद प्रशासन ने सशर्त अनुमति देते हुए सुरक्षा संबंधी दिशा-निर्देश जारी किए।

निर्देशों के अनुसार छोटी नावों में अधिकतम छह और बड़ी नावों में 15 यात्रियों को ही बैठाने की अनुमति दी गई है। साथ ही बिना लाइफ जैकेट किसी भी यात्री को नाव में बैठाने पर प्रतिबंध लगाया गया है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यदि कोई नाविक या ठेकेदार बिना लाइफ जैकेट यात्रियों को नाव में बैठाता पाया गया, तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

व्यवस्थाओं को लेकर जानकारी देते हुए नाव ठेकेदार किशन मल्लाह ने बताया कि उनकी निगरानी में सभी नाविक यात्रियों को लाइफ जैकेट पहनाकर ही नाव की सवारी करा रहे हैं। उन्होंने प्रशासन और नगर निगम से घाटों पर साफ-सफाई एवं सुरक्षा व्यवस्था और मजबूत करने की मांग भी की।

किशन मल्लाह ने कहा कि गर्मी के मौसम में बड़ी संख्या में श्रद्धालु नर्मदा तट पर स्नान के लिए पहुंच रहे हैं। कई लोग चेतावनी के बावजूद गहरे पानी में जाकर जलक्रीड़ा करते हैं, जिससे हादसों की आशंका बनी रहती है। उन्होंने बताया कि फिलहाल घाट पर केवल दो होमगार्ड जवान तैनात हैं, जो पर्याप्त नहीं हैं। श्रद्धालुओं को रोकने-टोकने के दौरान कई बार विवाद की स्थिति भी बन जाती है।

उन्होंने प्रशासन से जिलहरी घाट और भटौली घाट पर भी निगरानी एवं सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाने की मांग की, ताकि भविष्य में किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना को रोका जा सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक