जबलपुर के बरगी बांध में तेजी से बढ़ी पानी की आवक, जलस्तर 413.75 मीटर पहुंचा
जबलपुर, 26 जुलाई (हि.स.)। नर्मदा नदी के ऊपरी जलग्रहण क्षेत्रों में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के चलते बरगी बांध में पानी की आवक तेजी से बढ़ गई है। बांध का जलस्तर बढ़कर 413.75 मीटर तक पहुंच गया है। स्थिति को देखते हुए बरगी बांध का रविवार को मैदानी निरीक्षण किया गया और परियोजना से जुड़े वरिष्ठ अधिकारियों के साथ जलभराव एवं जल प्रबंधन की स्थिति की विस्तृत समीक्षा की गयी।
बांध की मौजूदा स्थिति, पानी की आवक और सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। जलस्तर की लगातार निगरानी की जाए तथा किसी भी संभावित आपात स्थिति से निपटने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी तरह तैयार रखी जाएं।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने बताया कि ऊपरी जलग्रहण क्षेत्रों में बारिश का दौर जारी रहने के कारण बांध में लगातार पानी की आवक हो रही है। जिला प्रशासन और बांध प्रबंधन जलस्तर पर लगातार नजर बनाए हुए हैं। वहीं, किसानों की सुविधा और खरीफ फसलों की सिंचाई की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए बांध की दाईं तट नहर से 15 क्यूमेक पानी छोड़ा जा रहा है।
अधिकारियों के अनुसार दाईं तट नहर के प्रारंभिक हिस्से से 6.94 किलोमीटर तक पानी का प्रवाह सुचारू रूप से जारी है। नहर में पानी के प्रवाह में किसी प्रकार की बाधा नहीं है।
दाईं तट नहर से छोड़े जा रहे पानी का लाभ जबलपुर के साथ-साथ पनागर और सिहोरा क्षेत्र के किसानों को भी मिलेगा। इससे खरीफ फसलों की समय पर सिंचाई हो सकेगी और किसानों को फसल बचाने में राहत मिलेगी। प्रशासन का कहना है कि बांध के जलस्तर, पानी की आवक और नहरों के संचालन की स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक