जबलपुरः बरगी बांध के 13 गेट खुले, नर्मदा घाटों पर 7 से 8 फीट बढ़ेगा पानी

 


जबलपुर, 03 सितंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के जबलपुर जिले में स्थित बरगी बांध के कैचमेंट एरिया में लगातार बढ़ रही पानी की आवक को देखते हुए बांध प्रशासन ने गुरुवार दोपहर आठ और गेट खोल दिए। इससे बांध के खुले गेटों की संख्या बढ़कर 13 हो गई है। सभी गेटों को औसतन 1.96 मीटर की ऊंचाई तक खोला गया है।

बरगी बांध के सहायक यंत्री (बाढ़ नियंत्रण) के अनुसार गुरुवार दोपहर 12 बजे बांध का जलस्तर 422.35 मीटर दर्ज किया गया।

वर्तमान में बांध की जल उपयोगी क्षमता 3090.50 एमसीएम, यानी करीब 97.18 प्रतिशत है। बांध में इस समय पानी की आवक 4215 क्यूमेक बताई गई है।

जलस्तर को नियंत्रित करने के लिए गुरुवार दोपहर 3 बजे बांध से पानी की निकासी बढ़ाई गई। पहले जहां 1130 क्यूमेक पानी छोड़ा जा रहा था, वहीं इसे बढ़ाकर 3802 क्यूमेक कर दिया गया है।

अब बरगी बांध के 13 जलद्वार औसतन 1.96 मीटर की ऊंचाई पर खुले रहेंगे। इससे मां नर्मदा के घाटों पर पानी का स्तर करीब 7 से 8 फीट तक बढ़ने की संभावना है।

बांध प्रशासन ने बताया कि कैचमेंट एरिया में पानी की आवक और बांध के जलस्तर पर लगातार नजर रखी जा रही है। पानी की आवक की स्थिति के अनुसार बांध से पानी की निकासी को कभी भी घटाया या बढ़ाया जा सकता है।

बांध से बढ़ी जल निकासी के चलते नर्मदा नदी के आसपास के घाटों पर पानी का स्तर बढ़ने की संभावना है। ऐसे में नदी और घाटों के आसपास जाने वाले लोगों से सावधानी बरतने की अपील की गई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक