अपडेट - बरगी डेम के गेट और खुले, अब 17 गेटों से हो रही जल निकासी, उफान पर नर्मदा

 


जबलपुर, 26 सितंबर (हि.स.)।

बरगी बांध के जलग्रहण क्षेत्र में हुई वर्षा के कारण बांध में पानी की आवक लगातार बढ़ रही है। बांध की सुरक्षा एवं जल स्तर को नियंत्रित एवं स्थिर बनाए रखने की दृष्टि से जल निकासी में पुनः वृद्धि किया जाना आवश्यक है।

वर्तमान में बांध के 13 जल द्वार औसतन 1.88 मीटर ऊंचाई तक खोलकर लगभग 3752 क्यूमेक जल माँ नर्मदा नदी में छोड़ा जा रहा है।

बांध में लगातार बढ़ रही जल आवक को दृष्टिगत रखते हुए

आज शनिवार को सायं 07:00 बजे से जल निकासी बढ़ाकर 17 जल द्वार औसतन 2.38 मीटर ऊंचाई तक खोले गए, जिससे लगभग 6121 क्यूमेक जल माँ नर्मदा नदी में छोड़ा जा रहा है।

जल निकासी में उक्त वृद्धि के फलस्वरूप माँ नर्मदा के घाटों एवं तटीय क्षेत्रों में वर्तमान जल स्तर से लगभग 6 से 7 फीट की अतिरिक्त वृद्धि होने की संभावना है।

बांध में पानी की आवक के अनुसार जल निकासी की मात्रा को आवश्यकता के अनुरूप कभी भी घटाया अथवा बढ़ाया जा सकता है।

प्रशासन ने सर्वसाधारण से अनुरोध किया है कि माँ नर्मदा के घाटों एवं तटीय क्षेत्रों से सुरक्षित दूरी बनाए रखें।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक