जबलपुरः बरगी डैम क्रूज हादसे के चौथे दिन दो और शव मिले, मृतकों का आंकड़ा 13 हुआ

 


जबलपुर, 03 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के जबलपुर जिले के बरगी डैम में हुए भीषण क्रूज हादसे के बाद राहत और बचाव कार्य के दौरान रविवार सुबह रेस्क्यू टीमों को दो और शव मिले, जिससे इस हादसे में जान गंवाने वालों की संख्या बढ़कर 13 हो गई है।

हादसे के बाद से चार दिनों से लगातार सर्च ऑपरेशन चल रहा है। 30 अप्रैल को हादसे वाले दिन 4 शव मिले थे, दूसरे दिन 5, तीसरे दिन 2 और रविवार को चौथे दिन भी 2 शव बरामद किए गए।

जानकारी के अनुसार, सुबह करीब 6 बजे 9 वर्षीय मयूरन का शव पानी से बाहर निकाला गया। वह तमिलनाडु के त्रिची का रहने वाला था। इसके बाद सुबह 9:40 बजे 40 वर्षीय कामराज का शव भी बरामद किया गया।

इससे पहले शनिवार शाम को भी रेस्क्यू टीमों को दो बच्चों के शव मिले थे। इनमें 4 वर्षीय श्रीतमिल (पिता कामराज) और 5 वर्षीय विराज सोनी (पिता कृष्ण सोनी) की पहचान की गई थी।

सीएसपी अंजुल अयंक मिश्रा ने बताया कि एहतियात के तौर पर रविवार को भी पूरे दिन सर्च ऑपरेशन जारी रखा जाएगा। रेस्क्यू टीमें डैम क्षेत्र में सघन तलाशी अभियान चला रही हैं, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि कोई और व्यक्ति लापता न रह जाए।

अब तक मिली जानकारी के मुताबिक, मृतकों में बच्चे और महिलाएं शामिल हैं। इस घटना ने कई परिवारों को गहरे शोक में डाल दिया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक