बरगी डैम क्रूज हादसा: नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने किया घटनास्थल का दौरा, लापरवाही पर उठाए सवाल

 


जबलपुर/भाेपाल, 01 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने शुक्रवार काे बरगी डैम में हुए दुखद क्रूज हादसे के घटनास्थल का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने हादसे पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदनाएं प्रकट कीं। दौरे के दौरान सिंघार ने मौके पर चल रहे रेस्क्यू ऑपरेशन की विस्तृत जानकारी ली और मौजूद प्रशासनिक अधिकारियों से चर्चा कर पूरे घटनाक्रम को समझा। उन्होंने राहत एवं बचाव कार्यों की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।

नेता प्रतिपक्ष ने इस गंभीर हादसे को प्रशासनिक लापरवाही का परिणाम बताते हुए राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि प्रदेश की भाजपा सरकार बड़े हादसों के बाद केवल जांच की औपचारिकता निभाती है, जबकि जिम्मेदारों पर ठोस कार्रवाई नहीं होती। उन्होंने सवाल उठाया कि यदि घटना सरकारी लापरवाही से हुई है, तो जिम्मेदारी तय कर कार्रवाई कब होगी। सिंघार ने सुरक्षा व्यवस्थाओं में गंभीर खामियों की ओर ध्यान आकर्षित करते हुए कहा कि घटना स्थल पर आंधी-तूफान मापक यंत्र का अभाव था। खराब मौसम के बावजूद क्रूज संचालन की अनुमति दी गई और यात्रियों को लाइफ जैकेट तक उपलब्ध नहीं कराई गई, जो अत्यंत चिंताजनक है।

उन्होंने मुख्यमंत्री से मांग की कि दोषियों के खिलाफ तत्काल सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता केवल जांच नहीं, बल्कि जवाबदेही और परिणाम चाहती है। उमंग सिंघार ने मृतकों के परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे