बरगी डैम क्रूज हादसा अपडेट - अब तक 9 शव निकाले जा चुके, कई अभी भी लापता..

 










जबलपुर, 01 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के जबलपुर जिले के बरगी डैम में गुरुवार शाम हुए क्रूज हादसे में शुक्रवार सुबह तक 9 शव बरामद किए जा चुके हैं। जबकि 22 लोगों को सुरक्षित निकाल लिया गया है। प्रशासन के अनुसार, 15 से अधिक लोगों की तलाश अभी भी जारी है।

हादसे के वक्त क्रूज में लगभग 40 से 45 पर्यटक सवार थे। एक प्रत्यक्षदर्शी के मुताबिक इनमें से 11 लोग बिना टिकट सवार थे और किसी ने भी लाइफ जैकेट नहीं पहना था। इस हादसे में जो मृत हुए हैं उनके नाम इस प्रकार हैं, नीतू सोनी, सौभाग्यम अलगन, मधुर मैसी, काकू लझी, रेशमा सैयद, शमीम नकवी, शेष 3 की पहचान की जा रही है।

हादसे के बाद से सारी रात चले रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान मंत्री राकेश सिंह, विधायक नीरज सिंह सहित कई जनप्रतिनिधि एवं कलेक्टर राघवेंद्र सिंह, एसपी सम्पत उपाध्याय सहित अन्य प्रशासनिक अमला वहीं मौजूद है। आगरा से विशेष टीम बुलाई गई है। वहीं मां नर्मदा के एक क्षेत्र को मशीनों के माध्यम से पूर कर क्रेन को डूबे हुए क्रूज तक ले जाने का प्रयास किया जा रहा है, ताकि उसे निकाला जा सके।

घटना के संबंध में सूचनाओं के आदान-प्रदान के लिए कलेक्टर कार्यालय में कंट्रोल रूम बनाया गया है। किसी भी जानकारी के लिए फोन नंबर 0761-2624355 पर कॉल किया जा सकता है। कंट्रोल रूम का इंचार्ज वीरेन्द्र सिंह को बनाया गया है। मिसिंग व्यक्तियों के बारे में या अन्य महत्वपूर्ण जानकारियों के लिए बात की जा सकती है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक