संयुक्त राष्ट्र मुख्यालय में भारत का पक्ष रखा, बंशीलाल गुर्जर ने अंतरराष्ट्रीय बैठकों में लिया हिस्सा
मंदसौर, 10 अक्टूबर (हि.स.)। राज्यसभा सदस्य एवं भाजपा किसान मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष बंशीलाल गुर्जर ने 5 से 9 अक्टूबर तक न्यूयॉर्क स्थित संयुक्त राष्ट्र मुख्यालय में आयोजित विभिन्न बैठकों और कार्यक्रमों में भारत का प्रतिनिधित्व किया। इस दौरान उन्होंने संयुक्त राष्ट्र की प्रशासनिक एवं बजटीय समिति की बैठक में भारत का पक्ष रखते हुए वक्तव्य दिया। उनके दौरे में संयुक्त राष्ट्र से जुड़ी संस्थाओं के साथ संवाद और भारत की सहभागिता से संबंधित चर्चा भी शामिल रही।
न्यूयॉर्क प्रवास के दौरान गुर्जर ने अपने कार्यक्रमों की शुरुआत संयुक्त राष्ट्र मुख्यालय के नॉर्थ लॉन में महात्मा गांधी की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित करके की। इसके बाद उन्होंने संयुक्त राष्ट्र में भारत के स्थायी प्रतिनिधि की ओर से भारत की सहभागिता को लेकर आयोजित ब्रीफिंग में हिस्सा लिया। उन्होंने संयुक्त राष्ट्र विकास कार्यक्रम (यूएनडीपी) के साथ भी चर्चा और संवाद किया।
गुर्जर 81वें संयुक्त राष्ट्र महासभा सत्र से जुड़े भारतीय संसदीय प्रतिनिधिमंडल के कार्यक्रमों में भी शामिल हुए। इन कार्यक्रमों के दौरान संयुक्त राष्ट्र से संबंधित संस्थाओं और विभिन्न अंतरराष्ट्रीय प्रतिभागियों के साथ संवाद हुआ।
लालघाटी के सरपंच से राज्यसभा तक का सफर
मंदसौर जिले के गृह गांव लालघाटी से बंशीलाल गुर्जर की राजनीतिक यात्रा शुरू हुई थी। उन्होंने गांव के सरपंच के रूप में सार्वजनिक जीवन में कदम रखा। इसके बाद जनपद पंचायत, जिला पंचायत, मंदसौर कृषि मंडी के अध्यक्ष और भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष सहित विभिन्न जिम्मेदारियां निभाईं।
राजनीतिक सफर में आगे बढ़ते हुए गुर्जर राज्यसभा सदस्य बने और भाजपा किसान मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष की जिम्मेदारी संभाली। स्थानीय स्तर से शुरू हुई उनकी राजनीतिक यात्रा अब संयुक्त राष्ट्र मुख्यालय में आयोजित अंतरराष्ट्रीय कार्यक्रमों तक पहुंची है।
न्यूयॉर्क में आयोजित बैठकों में उनकी सहभागिता के दौरान भारत की संयुक्त राष्ट्र में भूमिका, विकास से जुड़े विषयों और प्रशासनिक एवं बजटीय मामलों पर चर्चा हुई।
हिन्दुस्थान समाचार / अशोक झलोया