शहडोल: बाणसागर 6 खुले गेट, 6 लोग नदी में फंसे 5 का रेस्क्यू, 1 का बचाव जारी

 




शहडोल, 30 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के शहडोल जिले में लगातार बारिश के बीच रविवार काे बाणसागर बांध के 6 गेट खोले गए। इससे सोन नदी समेत आसपास की नदियों का जलस्तर तेजी से बढ़ गया। देवलोंद थाना क्षेत्र के सुखाड़ गांव के पास अमिलहा घाट में मछली पकड़ने गए 6 लोग नदी के बीच बने टापू पर फंस गए। जिला प्रशासन ने तत्काल बचाव अभियान शुरू किया, जिसमें 5 लोगों को सुरक्षित निकाल लिया गया है, जबकि एक का बचाव कार्य जारी है।

जानकारी के अनुसार, रविवार शाम सुखाड़ निवासी 55 वर्षीय लल्लन कोल पुत्र रामगोपाल कोल सहित 6 लोग अमिलहा घाट पर मछली पकड़ने पहुंचे थे। इसी दौरान बाणसागर बांध से पानी छोड़े जाने के कारण सोन नदी में जलस्तर अचानक बढ़ गया और बहाव तेज हो गया। इससे नदी के बीच का हिस्सा पानी से घिर गया और सभी लोगों के बाहर निकलने का रास्ता बंद हो गया।

घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर पहुंचे और पुलिस को जानकारी दी। इसके बाद देवलोंद थाना पुलिस और जिला प्रशासन की टीम तत्काल मौके पर पहुंची। शहडोल होमगार्ड की बचाव टीम को भी रवाना किया गया, साथ ही एसडीईआरएफ (SDERF) को भी सूचित किया गया। प्रशासन की टीम ने फंसे लोगों को सुरक्षित निकालने का प्रयास शुरू किया।

शहडोल कलेक्टर पार्थ जायसवाल ने बताया कि नदी में 6 लोगों के फंसे होने की सूचना मिली थी। प्राथमिक तौर पर शहडोल होमगार्ड की टीम को बचाव के लिए भेजा गया और लोगों को सुरक्षित निकालने की कार्रवाई शुरू की गई।

शहडोल एसपी संजय कुमार अग्रवाल ने बताया कि मछली पकड़ने गए लोग तेज धार के बीच फंस गए थे। उनके बचाव के लिए एसडीईआरएफ को सूचना दी गई है। पुलिस और प्रशासन की टीम लगातार मौके पर निगरानी कर रही है। उन्होंने यह भी बताया कि लगभग तीन दिन पहले भी इसी क्षेत्र में ग्रामीणों के नदी में फंसने की एक घटना हुई थी, जिन्हें सफलतापूर्वक बचाया गया था।

मनीष शुक्ला

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला