मप्र में आज 7 हजार बैंक शाखाओं पर ताले, 40 हजार कर्मचारी हड़ताल पर, 5-डे वीक की मांग
भोपाल, 11 सितंबर (हि.स.)। पांच दिवसीय बैंकिंग सप्ताह लागू करने समेत विभिन्न मांगों को लेकर मध्य प्रदेश में आज शुक्रवार को करीब 40 हजार बैंक कर्मचारी हड़ताल पर हैं। यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (यूएफबीयू) के आह्वान पर हो रही देशव्यापी हड़ताल से प्रदेश की करीब 7 हजार बैंक शाखाओं में कामकाज प्रभावित हुआ है। शाखाओं में नकद जमा-निकासी, चेक क्लियरेंस, लोन से जुड़े काम और अन्य काउंटर सेवाएं प्रभावित रहने की संभावना है। डिजिटल बैंकिंग, यूपीआई और एटीएम जैसी सेवाएं सामान्य रूप से उपलब्ध रहने की उम्मीद है।
हड़ताल एक दिन की है, लेकिन बैंकिंग सेवाओं पर इसका असर तीन दिन तक रहेगा। 11 सितंबर को हड़ताल के बाद 12 सितंबर को दूसरा शनिवार और 13 सितंबर को रविवार है। ऐसे में नियमित शाखा संचालन सोमवार से सामान्य होने की संभावना है। भोपाल समेत प्रदेश के कई शहरों में बैंक कर्मचारी प्रदर्शन कर रहे हैं। इंदौर में बैंक कर्मचारी जुलूस निकालकर प्रदर्शन करेंगे।
5-डे वीक की मांग सबसे प्रमुख
बैंक यूनियनों की प्रमुख मांग हर शनिवार को अवकाश घोषित कर पांच दिवसीय बैंकिंग सप्ताह लागू करने की है। अभी महीने के दूसरे और चौथे शनिवार को बैंक बंद रहते हैं। यूनियनों का कहना है कि पांच दिन कामकाज लागू करने के बदले सोमवार से शुक्रवार तक रोजाना करीब 40 मिनट अतिरिक्त काम किया जा सकता है। पांच दिवसीय बैंकिंग सप्ताह का प्रस्ताव 2024 के द्विपक्षीय समझौते में शामिल था, लेकिन इसे अब तक लागू नहीं किया गया है।
पीएलआई योजना का भी विरोध
यूएफबीयू की दूसरी प्रमुख आपत्ति स्केल-IV और उससे ऊपर के अधिकारियों के लिए लागू परफाॅरमेंस लिंक इनसेंटिव (पीएलआई) व्यवस्था को लेकर है। यूनियनों का आरोप है कि यह व्यवस्था कर्मचारियों के बीच असमानता पैदा करती है। इसके अलावा पेंशन अपडेट, पेंशनभोगियों के एक्स-ग्रेशिया की समीक्षा, पेंशन से जुड़े अन्य मुद्दे और पर्याप्त संख्या में कर्मचारियों की भर्ती जैसी मांगें भी उठाई गई हैं।
बातचीत बेनतीजा, इसलिए जारी रही हड़ताल
हड़ताल से पहले यूनियनों की इंडियन बैंक्स एसोसिएशन (आईबीए) और सरकार के स्तर पर बातचीत हुई, लेकिन पांच दिवसीय बैंकिंग सप्ताह पर ठोस समाधान नहीं निकल सका। इसके बाद यूएफबीयू ने 11 सितंबर की हड़ताल वापस नहीं लेने का फैसला किया। यूनियन नेताओं का कहना है कि पांच दिवसीय बैंकिंग सप्ताह की मांग लंबे समय से लंबित है और सरकार से इसके क्रियान्वयन की स्पष्ट समयसीमा मांगी जा रही है।
28 से 30 सितंबर फिर हड़ताल का ऐलान
मांगों का समाधान नहीं होने पर बैंक यूनियनों ने सितंबर में एक और देशव्यापी हड़ताल का कार्यक्रम घोषित किया है। 28, 29 और 30 सितंबर को तीन दिवसीय हड़ताल प्रस्तावित है। इसके बाद भी मांगें नहीं मानी गईं तो 26 अक्टूबर से अनिश्चितकालीन देशव्यापी हड़ताल की चेतावनी दी गई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे