आगरमालवाः माँ बगलामुखी मंदिर के गर्भगृह में फोटो-वीडियो शूटिंग पर लगा प्रतिबंध
आगरमालवा, 23 अप्रैल (हि.स.)। मध्य प्रदेश के आगरमालवा जिले के नलखेड़ा स्थित विश्व प्रसिद्ध पीताम्बरा सर्व सिद्ध पीठ माँ बगलामुखी मंदिर के गर्भगृह की पवित्रता एवं धार्मिक मर्यादा बनाए रखने के उद्देश्य से जिला प्रशासन द्वारा गुरुवार को महत्वपूर्ण आदेश जारी कर मंदिर के गर्भगृह में किसी भी प्रकार की फोटो, वीडियो, रील अथवा अन्य शूटिंग को पूर्णतः प्रतिबंधित कर दिया गया है।
जारी निर्देशों के अनुसार, गर्भगृह में शूटिंग का कार्य केवल मंदिर प्रबंध समिति द्वारा पूर्व में अधिकृत एवं अनुमति प्राप्त व्यक्ति द्वारा ही किया जा सकेगा। यह अनुमति भी समिति के दिशा-निर्देशों एवं निगरानी में ही मान्य होगी। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि किसी भी श्रद्धालु, निजी व्यक्ति अथवा अन्य द्वारा गर्भगृह के भीतर किसी प्रकार की फोटो या वीडियो शूटिंग करना पूर्णतः वर्जित रहेगा। आदेश का उल्लंघन करने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध विधि अनुसार कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / रितेश शर्मा