मंदसौर में 6 अक्टूबर को होगा बलराम कृषि महोत्सव

 


मंदसौर, 05 अक्टूबर (हि.स.)। मंदसौर में मंगलवार, 6 अक्टूबर को बलराम कृषि महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। जिला मुख्यालय स्थित कृषि उपज मंडी परिसर में दोपहर 12 बजे से होने वाले इस आयोजन में जिलेभर से बड़ी संख्या में किसान शामिल होंगे। महोत्सव में कृषि एवं संबंधित विभागों के साथ आदान विक्रेताओं और कृषि यंत्र डीलरों द्वारा स्टॉल एवं प्रदर्शनी लगाई जाएगी। इसके साथ ही किसानों के लिए कृषक संगोष्ठी और प्रशिक्षण सत्र भी आयोजित किए जाएंगे।

कलेक्टर दिव्यांक सिंह के निर्देशन में आयोजित होने वाले कृषि महोत्सव की तैयारियों को लेकर सोमवार को जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अनुकूल जैन की अध्यक्षता में बैठक हुई। बैठक में सभी संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। सीईओ जैन ने अधिकारियों को सौंपे गए दायित्वों की समीक्षा करते हुए निर्धारित समय सीमा में गंभीरता के साथ जिम्मेदारियों का निर्वहन करने के निर्देश दिए।

महोत्सव में किसानों को कृषि से जुड़ी तकनीकी जानकारी उपलब्ध कराने के लिए तकनीकी सत्र और कृषक प्रशिक्षण का आयोजन किया जाएगा। इसके अलावा कृषि विभाग तथा अन्य संबंधित विभागों की योजनाओं और गतिविधियों से जुड़ी जानकारी भी किसानों को दी जाएगी। कृषि आदान विक्रेताओं और कृषि यंत्र डीलरों के माध्यम से विभिन्न कृषि सामग्री एवं उपकरणों की प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी।

बैठक में सीईओ जैन ने कृषि महोत्सव के सफल आयोजन के लिए कंट्रोल रूम, पेयजल, विद्युत, साफ-सफाई और चिकित्सा व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने मंच व्यवस्था के साथ ही जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आने वाले किसानों के लिए परिवहन एवं यातायात वाहनों की समुचित व्यवस्था करने को भी कहा।

अधिकारियों को आयोजन स्थल पर सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर पूरी करने और आपसी समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि किसानों को महोत्सव के दौरान किसी तरह की परेशानी न हो।

बलराम कृषि महोत्सव के आयोजन के लिए मंदसौर एसडीएम शुभम पाटीदार को नोडल अधिकारी बनाया गया है, जबकि कृषि उपज मंडी के सचिव लक्ष्मण सिंह ठाकुर को सहायक नोडल अधिकारी की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

हिन्दुस्थान समाचार / अशोक झलोया