बालाघाट में अनियंत्रित होकर पलटी यात्री बस, चार घायल, इमरजेंसी गेट नहीं होने से शीशा तोड़कर बाहर निकले यात्री

 


बालाघाट, 12 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के बालाघाट जिले में रविवार दोपहर बालाघाट से परसवाड़ा जा रही एक यात्री बस अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में चार यात्री घायल हो गए, जिन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। दुर्घटना के बाद बस में अफरा-तफरी मच गई। इमरजेंसी गेट नहीं होने के कारण यात्रियों को बस का अगला शीशा तोड़कर बाहर निकलना पड़ा।

जानकारी के अनुसार, सीताराम बस सर्विस की बस मगरदर्रा और टिटवा के बीच नाले के पास पलट गई। बस में करीब 20 से 22 यात्री सवार थे। हादसे के समय यात्रियों में चीख-पुकार मच गई और स्थानीय लोगों ने राहत कार्य शुरू किया। घायल यात्री हरेसिंह टेकाम ने बताया कि बस दोपहर करीब 2:15 बजे बालाघाट से रवाना हुई थी। उनके अनुसार, रास्ते में बस दो बार खराब हुई थी। इसके बाद चालक ने तेज रफ्तार से वाहन चलाना शुरू किया और मगरदर्रा मंदिर की पहाड़ी पार करने के बाद टिटवा के पास बस अनियंत्रित होकर नाले में पलट गई। हालांकि, तेज रफ्तार और बस की तकनीकी स्थिति संबंधी दावों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

घटना की सूचना मिलते ही लामता थाना पुलिस मौके पर पहुंची और एम्बुलेंस की सहायता से घायलों को जिला अस्पताल भिजवाया। हादसे में रेवतन बाई (47) निवासी कुरेंडा, हरेसिंह टेकाम (46) निवासी जानवा, शिवानी बघेल (22) और जागृति उइके (22) निवासी बघोली घायल हुईं।

पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। वहीं, बस में इमरजेंसी गेट नहीं होने के आरोप की भी जांच की जा रही है। यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकालने में स्थानीय लोगों और पुलिस की तत्परता से बड़ा हादसा टल गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे