बालाघाट में बैगा आदिवासी बच्चों की मौत पर उमंग सिंघार ने पीएम को लिखा पत्र, उच्चस्तरीय जांच की मांग
भोपाल, 05 सितंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के बालाघाट जिले में बैगा आदिवासी बच्चों की मौत के मामले को लेकर नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने शनिवार काे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को पत्र लिखा है। उन्होंने मामले में केंद्र स्तर से हस्तक्षेप की मांग करते हुए प्रभावित क्षेत्रों में तत्काल चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने और प्रशासनिक जवाबदेही तय करने का आग्रह किया है।
उमंग सिंघार ने पत्र में कहा कि बालाघाट के प्रभावित गांवों में करीब 30 बैगा बच्चों की मौत की सूचना सामने आई है। उन्होंने मलेरिया, खसरा व अन्य संक्रमण के साथ कुपोषण, दूषित पेयजल और स्वास्थ्य सुविधाओं की कमी को लेकर चिंता जताई है। उन्होंने कहा कि बैगा समुदाय विशेष रूप से कमजोर जनजातीय समूह (पीवीटीजी) में शामिल है। केंद्र सरकार की पीएम-जनमन योजना के तहत ऐसे समुदायों तक स्वास्थ्य, पोषण, स्वच्छ पेयजल और अन्य बुनियादी सुविधाएं पहुंचाने का लक्ष्य है। ऐसे में बच्चों की मौत के मामले में योजनाओं के जमीनी क्रियान्वयन की समीक्षा जरूरी है।
नेता प्रतिपक्ष ने प्रधानमंत्री से प्रभावित क्षेत्रों में विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम भेजने, बच्चों की स्वास्थ्य जांच और उपचार की व्यवस्था करने तथा गांवों में दवाओं, पोषण और स्वच्छ पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित करने की मांग की है। उन्होंने पूरे मामले की उच्चस्तरीय चिकित्सकीय जांच कराने और जांच के आधार पर जिम्मेदारी तय करने का भी आग्रह किया। सिंघार ने कहा कि मामले में समयबद्ध कार्रवाई होने से प्रभावित परिवारों को राहत मिल सकेगी और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा सकेंगे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे