जबलपुर : हनुमान मंदिर की पवित्रता से खिलवाड़ पर भड़के विहिप-बजरंग दल कार्यकर्ता, खुद संभाली सफाई की कमान

 


जबलपुर, 16 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के जबलपुर

शहर के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल बड़े फव्वारा स्थित बड़े महावीर मंदिर परिसर में गंदगी फैलाए जाने को लेकर विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने कड़ा विरोध जताया है। मंदिर के आसपास कचरा फेंकने और पान-गुटखा थूककर गंदगी फैलाने की लगातार मिल रही शिकायतों के बाद सोमवार को कार्यकर्ताओं ने मौके पर पहुंचकर खुद सफाई की कमान संभाली।

श्रमदान कर मंदिर परिसर की साफ-सफाई करने के बाद कार्यकर्ता लार्डगंज थाने पहुंचे और ज्ञापन सौंपकर गंदगी फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।

जानकारी के मुताबिक, बड़े फव्वारा स्थित बड़े महावीर मंदिर के आसपास लंबे समय से कचरा फेंकने और पान-गुटखा थूककर गंदगी फैलाने की शिकायतें सामने आ रही थीं।

विहिप और बजरंग दल के मालवीय प्रखंड के कार्यकर्ताओं ने सोमवार को मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया तो मंदिर के ठीक बाजू में लकड़ी की बल्लियां लगाकर अवैध रूप से कचरा घर और पीकदान जैसी स्थिति बना रखी थी।

मंदिर की स्वच्छता और धार्मिक गरिमा से जुड़े इस मामले को गंभीरता से लेते हुए कार्यकर्ताओं ने स्वयं श्रमदान किया और परिसर में विशेष सफाई अभियान चलाया।

इसके बाद सभी कार्यकर्ता लार्डगंज थाने पहुंचे, जहां थाना प्रभारी को ज्ञापन सौंपकर मंदिर के आसपास गंदगी फैलाने वालों की पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की।

इस दौरान विश्व हिंदू परिषद मालवीय प्रखंड के मंत्री श्रीधर सोनी ने प्रशासन से मंदिर परिसर की नियमित निगरानी और गंदगी फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने नियमित चेकिंग कराने और उचित कदम उठाने का आश्वासन दिया है। वहीं, कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी कि भविष्य में मंदिर परिसर में इस तरह की हरकत करने वालों के खिलाफ बजरंग दल सख्त कदम उठाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक