जबलपुर : नवरात्रि गरबा आयोजनों में सुरक्षा और धार्मिक मर्यादा सुनिश्चित करने की मांग, बजरंगदल ने सौंपा पुलिस अधीक्षक को पत्र
जबलपुर, 04 अक्टूबर (हि.स.)। आगामी नवरात्रि पर्व को देखते हुए जबलपुर महानगर बजरंग दल ने शहर एवं जिले में होने वाले गरबा और डांडिया आयोजनों में सुरक्षा, अनुशासन तथा धार्मिक-सांस्कृतिक मर्यादा बनाए रखने की मांग को लेकर पुलिस अधीक्षक, जबलपुर को ज्ञापन सौंपा।
रविवार को बजरंग दल के प्रवक्ता द्वारा जारी पत्र में बताया गया कि नवरात्रि के दौरान आयोजित होने वाले गरबा कार्यक्रम केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं हैं, बल्कि माँ दुर्गा की आराधना और सनातन धार्मिक-सांस्कृतिक परंपरा से जुड़े आयोजन हैं। ऐसे में आयोजनों के दौरान धार्मिक मर्यादा, महिलाओं की सुरक्षा और कानून-व्यवस्था का विशेष ध्यान रखा जाना आवश्यक है।
बजरंग दल ने प्रशासन के समक्ष कई प्रमुख मांगें रखीं। इनमें गरबा स्थलों के प्रवेश द्वार पर पहचान पत्र की अनिवार्यता और प्रतिभागियों के पहचान सत्यापन के बाद ही प्रवेश देने की व्यवस्था प्रमुख है। संगठन ने धार्मिक आयोजनों की मर्यादा बनाए रखने के लिए गैर-हिंदुओं के प्रवेश पर प्रतिबंध की मांग भी रखी है। आयोजनों के दौरान पर्याप्त पुलिस बल, महिला पुलिसकर्मियों और सादे वेश में पुलिसकर्मियों की तैनाती किए जाने की मांग की गई, ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति से तत्काल निपटा जा सके।
इसके अलावा गरबा आयोजनों में फूहड़ एवं अश्लील गीतों पर रोक लगाकर पारंपरिक, धार्मिक और लोक-सांस्कृतिक गीतों को प्राथमिकता देने की मांग की गई। सुरक्षा की दृष्टि से आयोजन स्थलों पर पर्याप्त सीसीटीवी कैमरे और वीडियोग्राफी की व्यवस्था सुनिश्चित करने का भी आग्रह किया गया।
बजरंग दल ने कहा कि गरबा आयोजनों को केवल व्यावसायिक कार्यक्रम के रूप में आयोजित करने के बजाय माँ दुर्गा की आराधना और सनातन धार्मिक-सांस्कृतिक परंपराओं के अनुरूप आयोजित किया जाना चाहिए।
ज्ञापन में प्रशासन और आयोजन समितियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर भी जोर दिया गया, ताकि नवरात्रि के दौरान किसी प्रकार की अव्यवस्था, अनुशासनहीनता या अप्रिय घटना की स्थिति उत्पन्न न हो।
बजरंग दल ने पुलिस प्रशासन से नवरात्रि के सभी गरबा एवं डांडिया आयोजनों के लिए आवश्यक सुरक्षा, प्रवेश, निगरानी और अनुशासन संबंधी दिशा-निर्देश जारी करने की मांग की है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक