अनूपपुर: बैगा समाज बिजली, सड़क और स्वास्थ्य समस्याओं से परेशान,कलेक्ट्रेट में गुहार लगाई
अनूपपुर, 29 सितंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले के पुष्पराजगढ़ अंतर्गत ग्राम पंचायत खाटी के ग्रामीण बुनियादी सुविधाओं की कमी से जूझ रहे हैं। मूलभूत जरूरतों के निराकरण की मांग को लेकर मंगलवार को जनसुनवाई के दौरान बैगा समाज के प्रतिनिधियों ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर प्रशासनिक अधिकारियों को अपनी समस्याओं से अवगत कराया। वहीं ग्राम पंचायत खाटी के सरपंच भद्दर सिंह नेटी ने पंचायत क्षेत्र की 10 प्रमुख समस्याओं को लेकर एक मांग पत्र अपर कलेक्टर को सौंपा है।
वहीं अमलई में 30 दिन से नल-जल योजना बंद। इससे ग्रामीणों को पानी की किल्लत। परेशान ग्रामीणों ने सचिव राजू सोनी को ज्ञापन सौंपकर व्यवस्था सुधारने को कहा। कलेक्टर रत्नाकर झा ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे 58 आवेदनों पर सुनवाई करते हुए कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को आवेदनों का परीक्षण कर नियमानुसार त्वरित एवं संतुष्टिपूर्ण निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
ग्राम पंचायत खाटी में मुख्य रूप से वार्ड क्रमांक 1 और 2 स्थित बैगा बस्ती में अविलंब विद्युतीकरण कराने की मांग की गई है। इसके अलावा क्षेत्र में आवागमन को सुगम बनाने के लिए प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत 5 प्रमुख सड़कों के निर्माण की मांग रखी, जिनमें मड़ीदादर आश्रम से दादराटोला बैगा बस्ती तक लगभग 3 किमी सड़क, दमेहड़ी मुख्य मार्ग (कन्या छात्रावास) से दरोगा सिंह के घर तक लगभग 1 किमी सड़क, करंजिया मुख्य मार्ग (प्राथमिक शाला दुवरिहाटोला) से दशरथ के घर तक लगभग 3 किमी सड़क, दमेहड़ी मुख्य मार्ग (पांचों बाई के घर) से सौनू सिंह के घर तक लगभग 1 किमी सड़क, करंजिया मुख्य मार्ग (लल्लू के घर) से प्राथमिक शाला रुदीटोला तक लगभग 1 किमी सड़क के साथ ही खाटी में एसटी बालक छात्रावास का निर्माण, सरकारी जमीन पर खेल मैदान की उपलब्धता और स्थानीय निवासियों की सुविधा के लिए एक सरकारी बैंक शाखा खोलने की मांग उठाई गई है। स्वास्थ्य व्यवस्था पर चिंता जताते हुए सरपंच ने बताया कि खाटी में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का भवन वर्ष 2023 से बनकर पूरी तरह तैयार है, लेकिन इसे अब तक संचालित नहीं किया गया है, जिससे क्षेत्रवासियों को इलाज के लिए भटकना पड़ रहा है।
जनसुनवाई में ग्राम भोलगढ़, तहसील अनूपपुर निवासी संतोष पटेल ने बीपीएल सूची में नाम जुड़वाने के संबंध में आवेदन प्रस्तुत किया। इसी प्रकार ग्राम कटकोना, तहसील कोतमा निवासी रामलाल कोल ने आर्थिक सहायता दिलाए जाने तथा प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ दिलाए जाने हेतु आवेदन प्रस्तुत किया। ग्राम वेंकटनगर के ग्रामीण प्रार्थियों ने उनके पूर्वजों के नाम दर्ज संपूर्ण आबादी भूमि का ड्रोन सर्वे कराकर स्वामित्व योजना के अंतर्गत पट्टा दिलाए जाने की मांग की। इसी प्रकार ग्राम पंचायत खजूरवार, तहसील पुष्पराजगढ़ के निवासियों ने ग्राम पंचायत क्षेत्र में सड़क निर्माण कराए जाने के संबंध में आवेदन प्रस्तुत किया।
जनसुनवाई के दौरान जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए आवेदकों ने अपनी समस्याओं एवं मांगों से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किए। उपस्थित विभागीय अधिकारियों ने भी आवेदकों से उनकी समस्याओं की जानकारी प्राप्त की तथा संबंधित प्रकरणों में आवश्यक कार्यवाही की। कलेक्टर ने अधिकारियों को प्राप्त आवेदनों पर गंभीरता से कार्यवाही करते हुए पात्रतानुसार निराकरण करने के निर्देश दिए।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला