राजगढ़ः बड़ली माता पहाड़ी पर अतिक्रमण, 100 पुलिसकर्मियों की मौजूदगी में जेसीबी से ढहाया
राजगढ़, 25 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के सुठालिया में ग्राम तुमाड़िया की बड़ली माता मंदिर पहाड़ी पर सरकारी जमीन पर किए जा रहे कथित अतिक्रमण को प्रशासन और पुलिस की संयुक्त टीम ने मंगलवार को जेसीबी की मदद से हटा दिया।
कार्रवाई के दौरान करीब 100 पुलिसकर्मी और प्रशासनिक अमला मौके पर मौजूद रहा। टीम ने करीब 1800 से 2000 वर्गफीट क्षेत्र में किए जा रहे निर्माण को हटाया। कार्रवाई के बाद ग्रामीणों ने विरोध जताते हुए प्रशासन पर खाटू श्याम मंदिर के निर्माण को भी तोड़ने का आरोप लगाया।
ग्रामीणों के अनुसार आसपास के करीब 15 गांवों के लोगों ने आपस में चंदा एकत्र कर पहाड़ी पर खाटू श्याम मंदिर का निर्माण शुरू कराया था। उनका कहना है कि जब तक ग्रामीणों को कार्रवाई की जानकारी मिलती, तब तक प्रशासनिक अमला निर्माण को जेसीबी से हटा चुका था। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि कार्रवाई से पहले उन्हें सूचना देने या अपना पक्ष रखने का मौका नहीं दिया गया। ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि पहाड़ी पर क्रेशर मशीन लगाने और खनन के लिए जगह खाली कराने की मंशा से कार्रवाई की गई है। उनका कहना है कि क्षेत्र में लंबे समय से अवैध खनन की शिकायतें की जा रही हैं, लेकिन प्रशासन ने उन पर कार्रवाई नहीं की। वहीं ग्रामीणों की आस्था से जुड़े मंदिर के निर्माण पर तत्काल कार्रवाई कर दी गई।
तहसीलदार रामनिवास धाकड़ ने ग्रामीणों के क्रेशर और खनन संबंधी आरोपों को खारिज किया। उन्होंने बताया कि कार्रवाई सरकारी जमीन से अतिक्रमण हटाने के लिए की गई है। उनके अनुसार राजेश निवासी लकड़िया करीब 1800 वर्गफीट सरकारी जमीन पर फेंसिंग कर ढाबे के लिए निर्माण कर रहा था। टीनशेड लगाकर धीरे-धीरे निर्माण बढ़ाया जा रहा था। अतिक्रमण हटाने के लिए नोटिस भी दिया गया था। तहसीलदार ने कहा कि मंदिर निर्माण के लिए प्रशासन से अनुमति लेना जरूरी है। सरकारी जमीन सड़क से लगी हुई है, जिस पर भविष्य में स्कूल या कॉलेज जैसी शासकीय सुविधा विकसित की जा सकती है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक