राजगढ़ः बच्चों की कल्पनाशक्ति को मिलेगी उड़ान, 8 सितंबर से हर स्कूल में कहानी-कथन

 


राजगढ़, 07 सितम्बर (हि.स.)। मध्यप्रदेश के राजगढ़ जिले में बच्चों में किताबें पढ़ने की आदत विकसित करने और उनकी कल्पनाशक्ति, रचनात्मकता व अभिव्यक्ति क्षमता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से जिले में ‘मेरे शब्द, मेरी कहानी’ पठन अभियान शुरू किया गया। कलेक्ट्रेट कार्यालय में सोमवार को आयोजित कार्यक्रम में विधायक खिलचीपुर हजारीलाल दांगी ने अभियान का शुभारंभ किया। इस दौरान जिला पंचायत सीईओ डॉ. इच्छित गढ़पाले, अपर कलेक्टर प्रताप सिंह चाैहान, एसडीएम राजगढ़ सुशील कुमार सहित शिक्षा विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।

अभियान के तहत 8 सितंबर को जिले के प्रत्येक विद्यालय में कहानी- कथन गतिविधि अनिवार्य रूप से आयोजित की जाएगी। इसमें बच्चों को कहानी सुनाने के साथ उससे जुड़े सवाल पूछने, कहानी को समझने और अपने शब्दों में उसे व्यक्त करने का अवसर दिया जाएगा। इसका मकसद बच्चों में केवल पठन कौशल ही नहीं, बल्कि स्वतंत्र चिंतन, तार्किक सोच, रचनात्मकता और आत्मविश्वास विकसित करना है। हर विकासखंड में पहुंचेगी पठन वैन बच्चों और समुदाय को पुस्तकों से जोड़ने के लिए पठन वैन जिले के सभी विकासखंडों में भ्रमण करेगी। वैन के माध्यम से कहानी-कथन, पुस्तक पठन और अन्य गतिविधियां आयोजित कर विद्यालयों में पढ़ने की संस्कृति को मजबूत किया जाएगा।

अधिकारियों ने शिक्षकों और शैक्षणिक अधिकारियों से अभियान में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने का आह्वान किया। अभियान का संदेश है-बच्चे पढ़ें, सोचें, समझें और अपने शब्दों में अपनी कहानी कहें।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक