बाबा साहब ने सर्वहारा वर्ग के लिए कार्य किया, कांग्रेस ने उन्हें अपमानित कियाः दुष्यंत गौतम

 




भोपाल, 16 अप्रैल (हि.स.)। भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव दुष्यंत गौतम ने कहा कि वर्तमान भारत के निर्माण में बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर का अमूल्य योगदान है। बाबा साहब विकसित भारत बनाने की मानसिकता के साथ कार्य कर रहे थे, लेकिन कांग्रेस ने उन्हें चुनाव हराकर समाज सुधार के लिए किए जा रहे कार्यों में बार-बार रोकने का प्रयास किया। बाबा साहब ने हर वर्ग के कल्याण के लिए कार्य किया है, लेकिन कांग्रेस पार्टी ने उन्हें सिर्फ दलितों का नेता बताकर उनके कार्यों को समाज में आने से छिपाने का कार्य किया। संविधान दिवस मनाने का कार्य भाजपा ने किया, कांग्रेस ने संविधान को लागू करने के वर्षों बाद तक यह कार्य नहीं किया।

भाजपा महासचिव गौतम बुधवार को भोपाल में पार्टी के प्रदेश कार्यालय में आयोजित प्रदेश स्तरीय वक्ता कार्यशाला को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि संविधान दिवस मनाने के लिए 26 नवंबर 2015 को संसद में हुई डिबेट में प्रमुखता से चर्चा की गई थी। कांग्रेस पार्टी ने बाबा साहब को बार-बार अपमानित करने के साथ उनके खिलाफ दुष्प्रचार किया कि वे सिर्फ दलितों के नेता है। बाबा साहब ने सामाजिक समरसता के लिए कार्य किया। श्रमिकों को आठ घंटे के कार्य का नियम बाबा साहब के प्रयासों से शुरू हुआ।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जल संरक्षण, स्वच्छता को लेकर जो कार्य कर रहे हैं, उनकी परिकल्पना बाबा साहब डॉ. अंबेडकर ने की थी, लेकिन उस समय कांग्रेस की सरकारों ने इस ओर कोई ध्यान नहीं दिया। वर्तमान भारत के निर्माण में बाबा साहब का अमूल्य योगदान है। भाजपा का संपूर्ण नेतृत्व बाबा साहब के कृतित्व और व्यक्तित्व को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य करे।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने बाबा साहब को अपमानित करने के लिए समाज में कई दुष्प्रचार भी किए हैं। हमें बाबा साहब की जयंती को लेकर आयोजित कार्यक्रमों में जन-जन से संपर्क कर बाबा साहब को लेकर समाज में फैलाई गई भ्रांतियों को तथ्यों के साथ खारिज कर उनके कृतित्व व व्यक्तित्व जनता को बताना है। जनता को यह भी बताएं कि बाबा साहब ने संविधान में जनता को बहुत अधिकार दिए हैं, लेकिन कांग्रेस ने अपने हितों के लिए संविधान में कई संशोधन कर उनकी मूल भावना को भी बदलने का प्रयास कर संविधान का दुरूपयोग किया है। प्रधानमंत्री मोदी संविधान की रक्षा करने का कार्य कर रहे हैं।

कांग्रेस ने बाबा साहब के नाम का उपयोग सिर्फ वोट बैंक के लिए कियाः विष्णुदत्त शर्मा

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि मध्य प्रदेश में भाजपा का संगठन तंत्र बूथ स्तर तक सक्रियता से कार्य करता है, इसलिए राष्ट्रीय नेतृत्व द्वारा हमें दिए गए इस अभियान को बूथ स्तर पर साकार करना है। पार्टी कार्यकर्ता 25 अप्रैल तक प्रदेश के 65 हजार 14 बूथों पर पहुंचकर तथ्यात्मक मुद्दों पर बात करेंगे। हमें जनता तक पहुंचकर कांग्रेस द्वारा समाज में किए गए दुष्प्रचार का मुंहतोड़ जवाब देना है। कांग्रेस ने हमेशा बाबा साहब का अपमान किया और संविधान के साथ खिलवाड़ करती रही। कांग्रेस ने संविधान में 75 बार से अधिक संशोधन कर उसकी मूलभावना के साथ कुठाराघात किया है। यहां तक कि संविधान की मूल प्रस्तावना में परिवर्तन कर धर्मनिरपेक्षता और समाजवाद शब्द को जोड़ने का काम किया, जिसका विरोध बाबा साहब ने किया था। कांग्रेस के ऐसे सभी संविधान विरोधी बिंदुओं को एक-एक करके हमें समाज के सामने रखना है।

उन्होंने कहा कि बाबा साहब डॉ. अंबेडकर को कांग्रेस के समर्थन से चुनाव हराने वाले को पदम भूषण दिया परंतु देश को संविधान देने वाले भारत के सच्चे सपूत को एक भी सम्मान नहीं दिया और न ही उनसे जुड़े स्थलों पर स्मारक बनाने की अनुमति दी। कांग्रेस ने हमेशा वोट बैंक की राजनीति की है। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भाजपा सरकारों ने पंचतीर्थ बनाकर बाबा साहब को सम्मान दिया। प्रधानमंत्री मोदी ने सामाजिक समरसता जैसे विभिन्न विषयों को समाज में प्रतिपादित किया है। कांग्रेस पार्टी ने बाबा साहब का अपमान करने के साथ उनके खिलाफ समाज के बीच दुष्प्रचार भी किया। हमें जनता के साथ मिलकर कांग्रेस द्वारा फैलाए गए दुष्प्रचार का तथ्यों के साथ जवाब देना है कि बाबा साहब ने किस प्रकार से सभी वर्गो के कल्याण के लिए कार्य किया है।

कार्यशाला का शुभारंभ दीप प्रज्जवलित एवं महापुरूषों को पुष्पांजलि अर्पित कर हुआ। कार्यशाला में संविधान को नमन कर संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन किया गया। कार्यशाला को भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष लक्ष्मीकांत वाजपेयी, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, प्रदेश प्रभारी डॉ. महेन्द्र सिंह, प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद एवं अनुसूचित जाति मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष लाल सिंह आर्य ने भी संबोधित किया।

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर