राजगढ़ः एकादशी पर खाटू श्याम मंदिर में उमड़ा आस्था का सैलाब
राजगढ़, 13 अप्रैल(हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के ब्यावरा शहर में हाइवे स्थित खाटू श्याम मंदिर में सोमवार को वरुथिनी एकादशी का पर्व श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने बाबा श्याम के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया।
सुबह से ही मंदिर परिसर में भक्तों की लंबी कतारें लग गई थीं और पूरा वातावरण जय श्री श्याम के जयघोष से गूंज उठा। पर्व को लेकर मंदिर प्रबंधन समिति द्वारा विशेष तैयारियां की गई थीं। बाबा श्याम का दिव्य श्रृंगार उज्जैन से मंगवाए गए 51 किलो ताजे फूलों से किया गया, जिसने श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। मंदिर परिसर को आकर्षक रोशनी, रंग-बिरंगी सजावट और पुष्पमालाओं से भव्य रूप प्रदान किया गया, जिससे पूरे क्षेत्र में उत्सव जैसा माहौल बना रहा।
कार्यक्रम की शुरुआत प्रातः मंगला आरती से हुई, जिसके बाद दिनभर पूजा-अर्चना, भजन-कीर्तन और विशेष आरतियों का क्रम चलता रहा। दोपहर की आरती के समय मंदिर प्रांगण श्रद्धालुओं से खचाखच भरा नजर आया। नगर सहित आसपास के गांवों और दूर-दराज क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु यहां पहुंचे। इस अवसर पर विभिन्न क्षेत्रों से भव्य निशान यात्राएं भी निकाली गईं। ढोल-नगाड़ों और भक्ति संगीत की धुन पर श्रद्धालु नाचते-गाते बाबा के दरबार पहुंचे और निशान अर्पित किए। पिंजारा गली स्थित काली माता मंदिर से निकली निशान यात्रा विशेष आकर्षण का केंद्र रही। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए प्रशासन और पुलिस पूरी तरह मुस्तैद रहे। अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर यातायात का डायवर्जन किया गया, जिससे व्यवस्था सुचारू बनी रही। नगर सुरक्षा समिति और स्वयंसेवकों ने दर्शन व्यवस्था में सहयोग किया, वहीं श्रद्धालुओं के लिए पेयजल और प्रसाद वितरण की भी समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की गई।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक