राजगढ़ः बाल विवाह रोकने ग्रामीणों को किया जागरूक, बेटियों की शिक्षा और सुरक्षा पर दिया जोर
राजगढ़, 18 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले को बाल विवाह जैसी सामाजिक कुप्रथा से मुक्त कराने के लिए संचालित बाल विवाह मुक्त राजगढ़ अभियान के तहत बुधवार को ग्राम जेतपुरा में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें ग्रामीणों को बाल विवाह के दुष्परिणामों की जानकारी देते हुए बेटियों की शिक्षा, स्वास्थ्य, सुरक्षा और अधिकारों के प्रति जागरूक किया गया। साथ ही ग्रामीणों ने गांव को बाल विवाह मुक्त बनाने में सहयोग करने का संकल्प लिया।
महिला एवं बाल विकास विभाग और अहिंसा वेलफेयर सोसाइटी के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित यह कार्यक्रम कलेक्टर डॉ. गिरीश कुमार मिश्रा एवं जिला कार्यक्रम अधिकारी अंशु बाला मसीह के मार्गदर्शन में हुआ।
कार्यक्रम में महिला थाना प्रभारी कुसुम वास्कले ने बाल विवाह से संबंधित कानूनी प्रावधानों की जानकारी देते हुए कहा कि बाल विवाह सामाजिक कुप्रथा होने के साथ ही कानूनन अपराध भी है। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि बाल विवाह की जानकारी मिलने पर तत्काल संबंधित विभाग या पुलिस को सूचना दें, ताकि समय रहते इसे रोका जा सके।
वन स्टॉप सेंटर की प्रशासक रश्मि चौहान ने कहा कि बेटियों को शिक्षित और आत्मनिर्भर बनाना जरूरी है। बाल विवाह रोकना केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति का सामूहिक दायित्व है। बेटियों को समान अवसर देकर ही उनका सुरक्षित और बेहतर भविष्य सुनिश्चित किया जा सकता है।
अहिंसा वेलफेयर सोसाइटी की रजनी प्रजापति ने भी सामाजिक जागरूकता और सामुदायिक सहभागिता पर जोर दिया। कार्यक्रम के अंत में श्रीमती भास्कर ने उपस्थित ग्रामीणों को बाल विवाह नहीं करने और इसे रोकने में सहयोग देने की शपथ दिलाई। इस अवसर पर आंगनबाड़ी एवं आशा कार्यकर्ताओं सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक