इंदौर-इच्छापुर हाईवे पर ऑटो पलटा, नसबंदी शिविर जा रहीं चार महिलाएं घायल
बुरहानपुर, 15 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के बुरहानपुर जिले में इंदौर-इच्छापुर हाईवे पर बुधवार दोपहर करीब 12 बजे शाहपुर फाटे के पास एक ऐपे ऑटो अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खेत में पलट गया। हादसे में ऑटो में सवार चार महिलाएं घायल हो गईं। सूचना मिलते ही डायल-112 और 108 एंबुलेंस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
हादसा शाहपुर फाटे से पहले होटल मन के समीप हुआ। ऑटो में सवार सभी महिलाएं मैथा खारी गांव की निवासी हैं और नसबंदी शिविर में शामिल होने के लिए बुरहानपुर जिला अस्पताल जा रही थीं। घायल महिला कमला बाई ने बताया कि ऑटो के पास से तेज गति से एक ट्रक गुजरा, जिसके बाद चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और ऑटो सड़क से उतरकर खेत में पलट गया।
डायल-112 की टीम ने तीन घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया, जबकि घायल प्रमिला नाथ को 108 एंबुलेंस के माध्यम से अस्पताल लाया गया। ऑटो में छह से सात महिलाएं सवार थीं, जिनमें चार को चोटें आई हैं। जिला अस्पताल के चिकित्सकों के अनुसार सभी घायलों का उपचार जारी है और उनकी स्थिति फिलहाल खतरे से बाहर बताई जा रही है। हादसे के बाद कुछ देर के लिए हाईवे पर अफरा-तफरी का माहौल रहा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे