मंदसौरः दिवाली पर बालाजी मंदिर में महालक्ष्मी-कुबेर देव का होगा अलौकिक नोटों से भव्य श्रृंगार

 


मन्दसौर, 03 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मंदसौर में न्यायालय परिसर स्थित जन-जन की आस्था के प्रमुख केंद्र श्री तोप वाले बालाजी मंदिर प्रांगण में स्थापित श्री महालक्ष्मी जी एवं भगवान कुबेर देव के मंदिर में इस बार दीपावली का पावन पर्व अत्यंत भव्य और ऐतिहासिक रूप से मनाया जाएगा।

मंदिर समिति द्वारा मंगलवार को आयोजित पत्रकार वार्ता में जानकारी देते हुए समिति के सदस्यों ने बताया कि दिनांक 6 नवंबर से 11 नवंबर 2026 तक माँ महालक्ष्मी एवं कुबेर जी का श्रृंगार नगद राशि और अनमोल जेवरातों से किया जाएगा। इस भव्य श्रृंगार में 10, 20, 50, 100, 200 और 500 रुपए के करारे नोटों का उपयोग किया जाएगा। इस वृहत् आयोजन के लिए समिति ने कम से कम एक करोड़ रुपए का लक्ष्य रखा है, जिसमें से अभी तक श्रद्धालुओं के सहयोग से करीब पचास लाख रुपए प्राप्त हो चुके हैं।

धनतेरस पर होगी भव्य महाआरती एवं आकर्षक आतिशबाजी-

समिति सदस्यों ने बताया कि आगामी 6 नवंबर 2026, शुक्रवार को धनतेरस के पावन उपलक्ष में शाम 7 बजे भव्य महाआरती का आयोजन किया जाएगा। इस महाआरती के साथ ही मंदिर प्रांगण में भव्य और आकर्षक आतिशबाजी का कार्यक्रम भी होगा जिससे संपूर्ण परिसर जगमगा उठेगा। इस विशेष दिन यहां विराजित महालक्ष्मी एवं कुबेर जी की इस पावन प्रतिमा का विशेष श्रृंगार किया जाएगा तथा श्रद्धालुओं के दर्शन के लिये विशेष व्यवस्था समिति द्वारा की जा रही है।

श्री तोप वाले बालाजी मंदिर समिति के जितेन्द्र गेहलोद, सुरेश देवड़ा, प्रदीप गुप्ता, दुर्गाप्रसाद माथुर, प्रेम कहार, भुपेश भाटी एडवोकेट, दिनेश जेठानिया एडवोकेट, विपिन भादविया, संजय देवड़ा, राजेन्द्र नीमा, बंशीलाल कहार, सुरेश राठौर, पिंकेश कुमावत, दिनेश जोशी ने मन्दसौर जिले के समस्त धर्मप्रेमी श्रद्धालुओं से विनम्र अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में पधारकर माँ महालक्ष्मी और कुबेर जी के नोटों से हुए इस अलौकिक श्रृंगार के दिव्य दर्शन करें, धनतेरस की महाआरती में शामिल हों और माँ महालक्ष्मी का आशीर्वाद प्राप्त कर अपने जीवन को धन-धान्य से परिपूर्ण बनाएं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अशोक झलोया