शहडोल: ब्योहारी तहसील में सहायक लेखापाल 75 हजार रुपये की रिश्वत लेते गिरफ्तार

 


शहडोल, 02 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश के शहडोल जिले के ब्योहारी तहसील कार्यालय में पदस्थ सहायक खंड लेखापाल लल्लू प्रजापति को मंगलवार को सरकारी मकान से जुड़े एक प्रकरण को निपटाने के लिए रीवा लोकायुक्त टीम ने 75,000 रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।

लोकायुक्त से मिली जानकारी के अनुसार, बाणसागर निवासी रमेश प्रसाद रजक ने शिकायत की थी। रमेश प्रसाद रजक नगर परिषद खांड की उपाध्यक्ष सुधा रजक के पति हैं। उनकी शिकायत थी कि सरकारी मकान से संबंधित मामले को सुलझाने और उस पर से कब्जा हटाने के नाम पर सहायक खंड लेखापाल उनसे रिश्वत की मांग कर रहा था।

दूसरी किश्त लेते पकड़ाया

शिकायत की पुष्टि होने के बाद लोकायुक्त टीम ने एक जाल बिछाया। तय योजना के तहत मंगलवार को शिकायतकर्ता रमेश प्रसाद रजक आरोपी लल्लू प्रजापति को रिश्वत की दूसरी किश्त के रूप में ₹75,000 देने पहुंचे। जैसे ही आरोपी ने यह राशि ली, पहले से मौजूद लोकायुक्त टीम ने उसे मौके पर ही पकड़ लिया।

35 हजार ले चुका था

बताया गया है कि आरोपी लल्लू प्रजापति इस मामले में शिकायतकर्ता से पहले ही ₹35,000 ले चुका था। शेष राशि के लिए वह लगातार दबाव बना रहा था। लोकायुक्त टीम ने गिरफ्तार सहायक खंड लेखापाल लल्लू प्रजापति के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

गौरतलब है कि ब्योहारी क्षेत्र में भ्रष्टाचार के मामलों को लेकर हाल के दिनों में लगातार कार्रवाई हो रही है। करीब 15 दिन पहले भी लोकायुक्त टीम ने एसडीएम कार्यालय में पदस्थ एक कर्मचारी को रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया था। यह लगातार दूसरी कार्रवाई है।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला