विधानसभा उपचुनाव: होटल, ढाबों और धर्मशालाओं की जांच के लिए चार विशेष पुलिस टीमें गठित

 


दतिया, 29 जुलाई (हि.स.)। आगामी विधानसभा उपचुनाव-2026 को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं भयमुक्त वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से दतिया पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्थाएं और सख्त कर दी हैं। पुलिस अधीक्षक मयूर खण्डेलवाल के निर्देश पर दतिया अनुभाग के सभी थाना क्षेत्रों में होटल, ढाबों और धर्मशालाओं की सघन जांच एवं सत्यापन के लिए चार विशेष पुलिस टीमों का गठन किया गया है।

पुलिस के अनुसार विशेष टीमें विभिन्न प्रतिष्ठानों में ठहरे व्यक्तियों के पहचान पत्र एवं अन्य दस्तावेजों का सत्यापन करेंगी। जांच के दौरान संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ भी की जाएगी तथा आवश्यकता पड़ने पर नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप जिले में बिना वैध कारण ठहरे बाहरी व्यक्तियों का भी सत्यापन किया जाएगा। आवश्यक होने पर ऐसे व्यक्तियों को मतदान प्रक्रिया पूरी होने तक जिला सीमा से बाहर किए जाने की कार्रवाई की जाएगी।

दतिया पुलिस ने होटल, ढाबा और धर्मशाला संचालकों सहित आम नागरिकों से सहयोग की अपील की है। पुलिस ने कहा है कि प्रतिष्ठानों में ठहरने वाले प्रत्येक व्यक्ति का वैध पहचान पत्र अनिवार्य रूप से दर्ज किया जाए तथा किसी भी संदिग्ध व्यक्ति अथवा गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दी जाए, ताकि विधानसभा उपचुनाव-2026 को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराया जा सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजू विश्वकर्मा