विधानसभा उपचुनाव: सीआरपीएफ और पुलिस ने दतिया शहर में निकाला फ्लैग मार्च

 


दतिया, 25 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के दतिया विधानसभा उपचुनाव-2026 के मद्देनजर सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से शनिवार को केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) और दतिया पुलिस ने संयुक्त रूप से शहर के प्रमुख मार्गों पर फ्लैग मार्च निकाला।

फ्लैग मार्च का नेतृत्व सीआरपीएफ के कमांडेंट तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मनजीत सिंह चावला ने किया। मार्च भैरव मंदिर, किला चौक सहित विभिन्न प्रमुख मार्गों से होकर रिछारा फाटक पर संपन्न हुआ।

फ्लैग मार्च के माध्यम से आम नागरिकों को भरोसा दिलाया गया कि उपचुनाव के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस और केंद्रीय सुरक्षा बल पूरी तरह मुस्तैद हैं। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि चुनाव प्रक्रिया में बाधा डालने, शांति भंग करने अथवा किसी भी प्रकार की अवैधानिक गतिविधि में शामिल पाए जाने वालों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

फ्लैग मार्च से पूर्व पुलिस एवं केंद्रीय सुरक्षा बल के अधिकारियों और जवानों को चुनाव संबंधी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने निष्पक्ष, शांतिपूर्ण एवं पारदर्शी मतदान सुनिश्चित करने के लिए पूरी सतर्कता और जिम्मेदारी के साथ ड्यूटी निभाने के निर्देश दिए।

इस अवसर पर एसडीओपी आकांक्षा जैन, कोतवाली थाना प्रभारी दिनेश राजपूत, सिविल लाइन थाना प्रभारी वैभव गुप्ता, यातायात प्रभारी सपना शर्मा सहित पुलिस और सीआरपीएफ के अधिकारी एवं जवान उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजू विश्वकर्मा