अशोकनगर: किन्नर गुरु चांदनी नायक की सुरक्षा में चौकस रही पुलिस

 


अशोकनगर, 06 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश के अशोकनगर में किन्नर गुरु चांदनी नायक को मिली धमकी को लेकर शनिवार को चौकस रही पुलिस और उनके निवास पर पुलिस का कड़ा पहरा भी रहा।

दरअसल, किन्नर समाज के भीतर ही धमकी और दबाव बनाए जाने के बाद डरे-सहमे स्थानीय किन्नरों ने शुक्रवार को पुलिस से न्याय और सुरक्षा की गुहार लगाई थी। इस संबंध में जिले में धार्मिक एवं सामाजिक कार्यों में अग्रणी रहने वाली चांदनी नायक (मौसी किन्नर) पुलिस अधीक्षक को शिकायती पत्र दिया था।

संगठन में जुडऩे का दबाव और शांति भंग करने की धमकी:चांदनी नायक ने अपनी साथी भावना नायक (चंदेरी) और जान्ही नायक (ईशागढ़) के साथ गंभीर आरोप लगाए कि किन्नर समाज के ही कुछ अन्य लोग स्थानीय किन्नरों पर अपने संगठन में जुडऩे के लिए अनुचित रूप से भारी दबाव बना रहा है। जब स्थानीय किन्नरों ने इस संगठन में शामिल होने से साफ मना कर दिया, तो उन्हें कथित तौर पर जान से मारने की धमकी दी गई। इतना ही नहीं, शिकायती पत्र में साफ लिखा है कि आरोपियों ने आगामी शनिवार को यहां आकर शांति व्यवस्था भंग करने की खुली चुनौती दी है।

इन नामों पर लगे हैं गंभीर आरोप:पीडि़त किन्नर पक्ष ने पुलिस को सौंपे पत्र में कई अलग-अलग शहरों के किन्नरों को नामजद किया है, जो उन पर दबाव बना रहे हैं, जिनमें मुस्कान मिर्जा (भोपाल),काजल ठाकुर (मंडीदीप),गोलू हाजी (देवरी सागर),आम्रपाली पाटिल (अमरावती, महाराष्ट्र)शामिल हैं।पीडि़त किन्नरों ने अपनी जान-माल का खतरा जताते हुए कहा है कि इस धमकी के बाद से वे गहरे खौफ में हैं। पुलिस प्रशासन ने स्थानीय किन्नरों की मांग को देखते और मामले की गंभीरता को देखते हुए तुरंत उचित कानूनी कार्रवाई की और उनके निवास पर उन्हें सुरक्षा प्रदान की।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / देवेन्द्र ताम्रकार