अशोकनगर: पाकिस्तान से आए 199 मेहमानों पर पुलिस की पैनी नजर

 




अशोकनगर,12 अक्टूबर(हि.स.)। मध्य प्रदेश के अशोकनगर जिले में पाकिस्तान से आए मेहमान दर्शनार्थियों पर पुलिस की पैनी नजर रही। पाकिस्तान से 199 मेहमान दर्शनार्थी यहां आनंदपुर में श्री पंचम पादशाही की जन्म शताब्दी के अवसर पर पाकिस्तान के सिंध प्रांत से पहुंचे, दर्शनार्थियों के प्रवास पर पुलिस की पैनी निगाह रही। सुरक्षा से लेकर सत्यापन और आवागमन तक, हर स्तर पर पुलिस ने निर्धारित प्रोटोकॉल के तहत निगरानी व्यवस्था को मजबूत रखा।

सोमवार को पुलिस से मिली जानकारी अनुसार दर असल बीते 17 सितंबर को आनंदपुर ट्रस्ट पहुंचे पाकिस्तानी नागरिकों के दस्तावेजों की जांच से लेकर पासपोर्ट-वीजा सत्यापन, फोटोग्राफ मिलान और इमिग्रेशन संबंधी आवश्यक कार्रवाई पूरी की गई। इसके साथ ही उनकी सुरक्षा और गतिविधियों की निगरानी के लिए विशेष इंतजाम किए गए।

आनंदपुर तक सीमित रहा प्रवास:

पुलिस की निगरानी में सभी दर्शनार्थियों का प्रवास आनंदपुर ट्रस्ट परिसर स्थित समाधि स्थल तक सीमित रहा। निर्धारित सुरक्षा व्यवस्था के तहत उन्हें अन्यत्र भ्रमण की अनुमति नहीं थी। पूरे प्रवास के दौरान पुलिस ने उनके आवागमन पर नजर बनाए रखी और सुरक्षा व्यवस्था को लगातार मॉनिटर किया।

सत्यापन पूरा, अब दिल्ली से पाकिस्तान वापसी:

निर्धारित प्रवास अवधि पूरी होने के बाद जिला विशेष शाखा और थाना ईसागढ़ की टीम ने आवश्यक सत्यापन एवं जांच प्रक्रिया पूरी की। इसके बाद सभी 199 पाकिस्तानी नागरिकों को सुरक्षा व्यवस्था के बीच दिल्ली के लिए रवाना कर दिया गया।

दिल्ली पहुंचने के बाद निर्धारित प्रक्रिया के तहत ये सभी अपने वतन पाकिस्तान के लिए प्रस्थान करेंगे।

पुलिस की सतर्कता से पूरा हुआ प्रवास:

पुलिस अधीक्षक राजीव कुमार मिश्रा के निर्देशन में पुलिस ने संबंधित विभागों के साथ समन्वय बनाकर सुरक्षा, सत्यापन और निगरानी की पूरी व्यवस्था संभाली। पूरे प्रवास के दौरान पुलिस की सतर्कता और निर्धारित सुरक्षा प्रोटोकॉल के चलते व्यवस्था सुचारु बनी रही।

यानी मेहमान पाकिस्तान से आए, आनंदपुर में आस्था के दर्शन किए और पुलिस की कड़ी निगरानी के बीच निर्धारित प्रक्रिया पूरी कर अब दिल्ली के रास्ते अपने वतन लौट रहे हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / देवेन्द्र ताम्रकार