अशोकनगर: दसवें एएसपी कनेश ने संभाला पदभार, कहा-जनता को न्याय और सुरक्षा दिलाना प्राथमिकता

 


अशोकनगर, 13 जून (हिं.स.)। मध्य प्रदेश के अशोकनगर जिले में कानून व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से नवागत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अंतर सिंह कनेश ने शनिवार को विधिवत रूप से अपना पदभार ग्रहण कर लिया। कनेश जिले के 10वें अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के रूप में अपनी सेवाएं देंगे। वे बुरहानपुर से स्थानांतरित होकर यहां आए हैं। उन्होंने निवर्तमान एडिशनल एसपी गजेंद्र सिंह कंवर का स्थान लिया है, जिन्हें यहां से विदाई दी गई।

गुना से पुराना नाता,अशोकनगर आकर पुराना दौर याद आया:पदभार ग्रहण करने के बाद अनौपचारिक चर्चा के दौरान नवागत एडिशनल एसपी अंतर सिंह कनेश उत्साहित नजर आए। उन्होंने अशोकनगर से जुड़े अपने पुराने अनुभवों को साझा करते हुए कहा कि,अशोकनगर जिले में कदम रखते ही मुझे गुना का अहसास होने लगा है। वर्ष 2011 से 2014 के बीच मैं गुना में एसडीओपी के पद पर पदस्थ रहा हूं। उस दौरान सीमावर्ती जुड़ाव के कारण आपराधिक मामलों में दबिश देने और जांच के सिलसिले में मेरा अक्सर अशोकनगर आना-जाना लगा रहता था। यहां की भौगोलिक स्थिति और मिजाज से मैं पहले से वाकिफ हूं।

पुलिस मुख्यालय के निर्देशों का धरातल पर होगा क्रियान्वयन:जिले की कानून व्यवस्था और आगामी कार्ययोजना पर बात करते हुए एडिशनल एसपी कनेश ने स्पष्ट किया कि वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में काम करना उनकी मुख्य रणनीति होगी। उन्होंने कहा कि पुलिस मुख्यालय और पुलिस अधीक्षक द्वारा समय-समय पर जो भी दिशा-निर्देश और कानून व्यवस्था को लेकर गाइडलाइंस जारी की जाएंगी, उन्हें जिले में पूरी मुस्तैदी के साथ धरातल पर लागू किया जाएगा। अपराधियों पर नकेल कसने के लिए हर स्तर पर कड़े कदम उठाए जाएंगे।

केंद्रित पुलिसिंग पर रहेगा जोर न्याय और सुरक्षा सर्वोपरि:नवागत एडिशनल एसपी ने अपनी प्राथमिकताओं को रेखांकित करते हुए कहा कि पुलिस का मुख्य ध्येय जनता की सेवा और सुरक्षा है। उन्होंने कहा कार्यालय आने वाले हर फरियादी की बात को पूरी संवेदनशीलता और प्राथमिकता के साथ सुना जाएगा। लंबित मामलों का त्वरित निपटारा कर पीडि़तों को समय पर न्याय दिलाना हमारी प्राथमिकता सूची में सबसे ऊपर है। उनका कहना कि आम नागरिकों, विशेषकर महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों में सुरक्षा का भाव पैदा करना और अपराधियों में खौफ पैदा करना ही जमीनी पुलिसिंग का मुख्य उद्देश्य रहेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / देवेन्द्र ताम्रकार