अशोकनगर में मिठाई में मिला मरा हुआ कीड़ा, महावीर स्वीट्स का खाद्य लाइसेंस निलंबित
अशोकनगर, 03 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के अशोकनगर में मिठाई में मरा हुआ कीड़ा मिलने की शिकायत के बाद खाद्य सुरक्षा प्रशासन ने महावीर स्वीट्स के खिलाफ कार्रवाई की है। स्टेशन रोड स्थित प्रतिष्ठान के कारखाने में गंदगी और कई अनियमितताएं मिलने पर प्रशासन ने मिठाई निर्माण पर रोक लगाते हुए खाद्य लाइसेंस निलंबित कर दिया है।
कलेक्टर साकेत मालवीय के निर्देश और एसडीएम अशोकनगर इसरार खान के मार्गदर्शन में खाद्य सुरक्षा एवं राजस्व विभाग की संयुक्त टीम ने कारखाने का निरीक्षण किया। इस दौरान परिसर में साफ-सफाई का अभाव मिला और मिठाइयां खुली अवस्था में रखी पाई गईं। टीम ने मिठाई निर्माण में इस्तेमाल की जा रही काजू टुकड़ी, मावा बर्फी, मोतीचूर के लड्डू और मावे के नमूने लेकर जांच के लिए भेजे हैं।
कमियां दूर होने तक बंद रहेगा निर्माण
कारखाने में अस्वास्थ्यकर परिस्थितियों में मिठाइयों का निर्माण और भंडारण पाए जाने पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत कार्रवाई की गई। प्रशासन ने आगामी आदेश तक कारखाने में मिठाई निर्माण पर रोक लगा दी है और खाद्य लाइसेंस निलंबित कर दिया है।
प्रशासन के अनुसार, संचालक को निरीक्षण में मिली कमियों को दूर करना होगा। इसके बाद विभागीय स्तर पर सत्यापन किया जाएगा। सत्यापन के बाद ही आगे की कार्रवाई पर निर्णय लिया जाएगा।
पहले भी लग चुका है 50 हजार रुपये का जुर्माना
महावीर स्वीट्स पर अनियमितताओं के चलते पहले भी 50 हजार रुपये का जुर्माना लगाया जा चुका है। इसके बावजूद दोबारा खामियां मिलने से प्रतिष्ठान में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और स्वच्छता व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं। अब जांच के लिए भेजे गए नमूनों की रिपोर्ट का इंतजार है, जिससे खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
हिन्दुस्थान समाचार / देवेन्द्र ताम्रकार