अशोकनगर में दिनदहाड़े लाखों की ठगी, भाजपा मंडल अध्यक्ष की मां को संकट का डर दिखाकर जेवर ले उड़े ठग
अशोकनगर, 08 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के अशोकनगर में शनिवार सुबह व्यस्त मेन बाजार में ठगी की सनसनीखेज वारदात सामने आई। अज्ञात बदमाशों ने भाजपा मंडल अध्यक्ष प्रांजल जैन की मां अनंत जैन को कथित रूप से संकट आने का डर दिखाकर उनके लाखों रुपये कीमत के सोने-चांदी के आभूषण उतरवा लिए और फिर जेवर लेकर फरार हो गए। घटना के बाद पुलिस ने अज्ञात आरोपितों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार अनंत जैन शनिवार सुबह मंदिर में दर्शन-पूजन करने के बाद मेन बाजार स्थित अपनी दुकान की ओर जा रही थीं। दुकान के सामने पहुंचने से पहले ही कुछ लोगों ने उन्हें रोक लिया। इनमें से एक व्यक्ति ने खुद को हरिद्वार से आया हुआ बताते हुए महिला को परिवार पर संकट आने की बात कही।
बताया गया कि ठग ने महिला से कहा कि उनके परिवार पर बड़ी विपत्ति आने वाली है। उसने करीब नौ वर्ष पहले उनके पति पर आए संकट का जिक्र करते हुए अब उनके बेटे पर भी परेशानी आने की बात कही। बेटे से जुड़ी अनहोनी की बात सुनकर महिला घबरा गईं। इसके बाद कथित ठग ने संकट का समाधान करने का भरोसा दिलाते हुए महिला से पानी मंगवाया। महिला पानी लेकर वापस आईं तो आरोपितों ने उन्हें गले और हाथों में पहने सोने-चांदी के आभूषण उतारकर पर्स में रखने के लिए कहा।
आरोपितों ने महिला को भरोसे में लेते हुए जेवर से भरा पर्स अपने एक साथी को दे दिया। इसके बाद महिला को कुछ कदम पीछे की ओर मुंह करके चलने के लिए कहा गया। कुछ देर बाद जब महिला ने पीछे मुड़कर देखा तो दोनों आरोपी वहां से गायब थे। उनके पास रखा जेवरों से भरा पर्स भी आरोपित अपने साथ ले गए।
घटना का पता चलने के बाद अनंत जैन ने अपने बेटे और भाजपा मंडल अध्यक्ष प्रांजल जैन को पूरी जानकारी दी। इसके बाद मामले की सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने घटनास्थल की जानकारी जुटाने के साथ ही अज्ञात आरोपितों की तलाश शुरू कर दी है।
व्यस्त बाजार में सुबह के समय हुई इस वारदात से इलाके में भी चर्चा है। पुलिस अब आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालने के साथ ही आरोपितों की पहचान करने का प्रयास कर रही है। पीड़िता को कथित रूप से परिवार पर संकट आने का भय दिखाकर ठगी किए जाने के कारण पुलिस मामले को इसी तरीके से की जाने वाली ठगी की वारदातों से जोड़कर भी जांच कर रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / देवेन्द्र ताम्रकार