अशोकनगर: चॉकलेट-बिस्कुट सप्लाई के नाम पर 40 लाख से ज्यादा की धोखाधड़ी का आरोप
अशोकनगर, 27 सितंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के अशोकनगर में चॉकलेट और बिस्कुट कारोबार से जुड़ी सप्लाई के भुगतान को लेकर 40 लाख 19 हजार 519 रुपये की कथित धोखाधड़ी और अमानत में खयानत का मामला सामने आया है।
रविवार को पुलिस से मिली जानकारी अनुसार शिकायत के आधार पर कोतवाली थाना पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। बताया गया कि रितिक कुमार जैन (26), निवासी महावीर कॉलोनी अशोकनगर की शिकायत पर यह मामला दर्ज किया गया है। शिकायत में बताया गया है कि उनकी फर्म रितिक ट्रेडिंग कंपनी तथा मेसर्स राजेंद्र कुमार अजीत कुमार, बीना के माध्यम से इंदौर स्थित चॉकलेट एवं बिस्कुट कारोबार से जुड़े फैक्ट्रियों के मालिकों और संबंधित आरोपियों को शक्कर की सप्लाई की गई थी।
शिकायत के मुताबिक, कारोबार की शुरुआत में संबंधित पक्षों द्वारा सप्लाई का भुगतान समय पर किया जाता रहा, लेकिन बाद में भुगतान रोक दिया गया। आरोप है कि धीरे-धीरे बकाया राशि बढक़र 40,19,519 तक पहुंच गई। इसमें रितिक ट्रेडिंग कंपनी की 12,26,199 रुपये तथा मेसर्स राजेंद्र कुमार अजीत कुमार की 27,93,320 रुपये की राशि शामिल बताई गई है।
फरियादी का आरोप है कि जब बकाया राशि का भुगतान करने के लिए संबंधित लोगों से संपर्क किया गया तो कथित तौर पर गाली-गलौज की गई तथा जान से मारने की धमकी दी गई। शिकायत में तरुण जैसवानी, निवासी इंदौर अर्बन, मध्यप्रदेश सहित संबंधित फर्मों और व्यक्तियों का उल्लेख किया गया है।
पुलिस ने मामला 28 जनवरी 2024 से 18 जनवरी 2025 के बीच की कारोबारी गतिविधियों से संबंधित बताया गया है, प्रकरण में बीएनएस की धारा 296(बी), 3(5), 316(2) और 351(2) के तहत कार्रवाई की गई है। पुलिस जांच के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि बकाया भुगतान, कथित धोखाधड़ी, अमानत में खयानत और धमकी के आरोपों में वास्तविक स्थिति क्या है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / देवेन्द्र ताम्रकार