अशोकनगर: गिरवी रखी चांदी की करदोनी हड़पने का आरोप, कलेक्टर जनसुनवाई में लगाई न्याय की गुहार
अशोकनगर, 2 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश के अशोकनगर में मंगलवार को कलेक्टर जनसुनवाई में धोखाधड़ी और जबरन संपत्ति हड़पने का एक गंभीर मामला सामने आया है।
चंदेरी तहसील के ग्राम बामोर हुर्रा के निवासी एक पीडि़त ने चंदेरी के ही एक व्यक्ति पर उसकी कीमती चांदी की करदोनी और नगद राशि हड़पने तथा शिकायत करने पर गाली-गलौज व मारपीट कर भगाने का आरोप लगाया है। पीडि़त ने इस संबंध में कलेक्टर को आवेदन देकर कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
क्या है पूरा मामला? प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम बामोर हुर्रा निवासी भगवान सिंह यादव (पुत्र रघुवीर सिंह यादव) ने साल 2019 में चंदेरी निवासी संजय जैन के पास अपनी 500 ग्राम चांदी की करदोनी 9000 में गिरवी रखी थी। यह सौदा 2 रुपये सैकड़ा (प्रतिशत) ब्याज की दर पर तय हुआ था। आवेदक का कहना है कि वह हर साल 1600 ब्याज के रूप में जमा करता था। इसके अलावा उसने 5000 अलग से भी दिए थे, लेकिन संजय जैन ने चालाकी दिखाते हुए इस राशि को अपनी डायरी में दर्ज नहीं किया।
60,000 की मांग और बदसलूकी का आरोप:आवेदन के मुताबिक, जब भगवान सिंह यादव अपनी चांदी की करदोनी वापस लेने संजय जैन के पास पहुंचा, तो संजय जैन ने उससे 60,000 की भारी-भरकम रकम मांग ली। चांदी की कीमत अधिक होने के कारण आरोपी पीडि़त की रकम और जेवर को जबरन हड़पना चाहता है। जब पीडि़त ने इस पर आपत्ति जताई और अपनी रकम के बारे में बात की, तो आरोपी ने उसके साथ गाली-गलौज की और दुकान से धक्का देकर भगा दिया। आरोपी ने पीड़ित को धमकी देते हुए कहा, मेरे पास तेरी कोई रकम नहीं है, तुझे जो दिखे सो कर ले।
पुलिस कार्रवाई न होने पर पहुंचे कलेक्टर के द्वार: भगवान सिंह ने बताया कि इस बदसलूकी और धोखाधड़ी के संबंध में उन्होंने 27 मई 2026 को चंदेरी थाने में रिपोर्ट भी दर्ज कराई थी। परंतु, पुलिस द्वारा कोई ठोस कार्रवाई न किए जाने से परेशान होकर उन्हें कलेक्टर की जनसुनवाई में आकर न्याय की गुहार लगानी पड़ी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / देवेन्द्र ताम्रकार