अशोकनगर: कुशवाहा समाज से आत्मीय रिश्ता, करीला धाम को मिलेगा भव्य स्वरूप: सिंधिया

 


अशोकनगर,16 अक्टूबर(हि.स.)। मध्य प्रदेश के अशोकनगर के तीन दिवसीय दौरे के पहले दिन केंद्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने शुक्रवार को विभिन्न सामाजिक एवं विकास कार्यक्रमों में सहभागिता की। उन्होंने लव-कुश मंदिर में पूजा-अर्चना के बाद कुशवाहा समाज की बैठक में समाज के वरिष्ठजनों और युवाओं से संवाद किया।

सिंधिया ने कहा कि कुशवाहा समाज के साथ उनका रिश्ता आत्मीयता, विश्वास और अपनेपन का है। उन्होंने समाज की एकजुटता और युवाओं की भूमिका को अशोकनगर के विकास में महत्वपूर्ण बताया।

वहीं करीला धाम में जनजातीय सम्मेलन को संबोधित करते हुए सिंधिया ने कहा कि करीला धाम को ‘करीला धाम लोक’ के रूप में विकसित किया जाएगा, जिससे धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा। शाढोरा से करीला धाम तक करीब 50 किलोमीटर सडक़ के लिए 100 करोड़ रुपये की स्वीकृति मिल चुकी है और कार्य प्रगति पर है। उन्होंने बताया कि शबरी आश्रम में 50 लाख रुपये की लागत से सामुदायिक भवन और टिन शेड का निर्माण कराया जाएगा।

जनजातीय सम्मेलन में सिंधिया ने आदिवासी समाज को प्रकृति, संस्कृति और परंपराओं का संरक्षक बताते हुए कहा कि सरकार का लक्ष्य जनजातीय परिवारों को विकास की मुख्यधारा से जोडऩा है। उन्होंने पीएम-जनमन योजना के तहत आवास, सडक़, पेयजल, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसी सुविधाएं पात्र परिवारों तक पहुंचाने पर जोर दिया। कार्यक्रम में हितग्राहियों को पोषण आहार भी वितरित किया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / देवेन्द्र ताम्रकार