हड़ताल खत्म होते ही सफाई मित्रों ने 13 घंटे में चमकाई राजधानी, महापौर ने चाय पर की चर्चा
भोपाल, 07 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में नगर निगम कर्मचारियों की हड़ताल समाप्त होते ही सफाई मित्रों ने कर्तव्यनिष्ठा और मेहनत का परिचय देते हुए महज 13 घंटे में राजधानी की सफाई व्यवस्था को पटरी पर ला दिया। शहर के प्रमुख बाजारों और सार्वजनिक स्थलों पर युद्धस्तर पर सफाई एवं धुलाई का काम किया गया।
शनिवार सुबह महापौर मालती राय और निगम आयुक्त रामप्रकाश अहिरवार ने विभिन्न क्षेत्रों का निरीक्षण कर सफाई कार्यों का जायजा लिया और सफाई मित्रों के साथ चाय पीकर उनका उत्साहवर्धन किया।
महापौर और निगम आयुक्त ने सुबह सात बजे चौक बाजार, पीरगेट, लखेरापुरा, न्यू मार्केट, 10 नंबर मार्केट और शाहपुरा स्थित मनीषा मार्केट सहित प्रमुख क्षेत्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान महापौर ने स्वयं भी सफाई और धुलाई के कार्य में सहभागिता की। उन्होंने व्यापारियों और आम नागरिकों से स्वच्छता संवाद कर शहर को साफ, सुंदर और स्वस्थ बनाए रखने में सहयोग की अपील की।
महापौर राय ने कहा कि हड़ताल समाप्त होने के तत्काल बाद से सफाई मित्रों ने जिस तत्परता और मेहनत से काम किया है, वह सराहनीय है। उनके प्रयासों से कम समय में शहर की सफाई व्यवस्था फिर से सामान्य हो सकी है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि त्योहारों के दौरान शहर में बेहतर सफाई व्यवस्था बनाए रखें, ताकि नागरिकों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
लखेरापुरा और चौक बाजार क्षेत्र में महापौर एवं निगम आयुक्त ने खाद्य पदार्थ विक्रेताओं की ओर से की गई डस्टबिन व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने साफ-सफाई और कचरे के निष्पादन को निर्धारित मानकों के अनुरूप सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
न्यू मार्केट में निरीक्षण के दौरान दुकानदारों को निर्धारित सीमा में ही सामान रखकर कारोबार करने की हिदायत दी गई। साथ ही हॉकर्स को टीटी नगर हाट बाजार में निर्धारित स्थान पर व्यवसाय करने की समझाइश देने के निर्देश दिए गए। एक रेस्टोरेंट संचालक द्वारा दुकान की निर्धारित सीमा से बाहर टेबल रखे जाने पर महापौर ने अपने सामने ही टेबल अंदर रखवाई। उन्होंने चेतावनी दी कि समझाइश के बाद भी अतिक्रमण करने वाले दुकानदारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।
महापौर और निगम आयुक्त ने 10 नंबर मार्केट एवं मनीषा मार्केट में भी सफाई व्यवस्था का निरीक्षण किया। इस दौरान सफाई मित्रों के साथ बैठकर चाय पी और उनकी मेहनत की सराहना की। निरीक्षण के दौरान अपर आयुक्त अमन मिश्रा, सुमित पांडे, जोन अध्यक्ष विनीता सोनी, आरती अनेजा सहित निगम के अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजू विश्वकर्मा