अनूपपुर: टायर फटते ही सामने चल रहीं कार से टकराया ट्रक, पेड़ से टकराई कार
अनूपपुर, 17 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले में बुधवार दोपहर राष्ट्रीय राजमार्ग 43 पर तेज रफ्तार ट्रक (ट्रेलर) का टायर फटने से बड़ा हादसा हो गया। अनूपपुर-कोतमा मुख्य मार्ग पर बदरा वन डिपो के पास अनियंत्रित ट्रक ने आगे चल रही जीप को जोरदार टक्कर मार दी। इससे दुर्घटना में जीप चालक गंभीर रूप से घायल हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार ट्रक के पीछे चल रही थी और फिर ओवरटेक कर आगे निकल गई। इसी दौरान ट्रक का अगला पहिया अचानक फट गया, जिससे तेज रफ्तार ट्रक अनियंत्रित हो गया। ट्रक ने आगे चल रही कार को पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर के बाद जीप सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई। इससे कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। कार में सवार बदरा निवासी चालक सूर्यभान तिवारी को गंभीर चोटें आईं। उन्हें स्थानीय लोगों और अन्य वाहन चालकों की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कोतमा ले जाया गया।
कोतमा में प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने सूर्यभान तिवारी को रेफर कर दिया, जहां उनका इलाज जारी है। घटना के बाद ट्रक चालक वाहन को उसी हालत में भगाकर आगे निकल गया। कुछ स्थानीय वाहन चालकों ने ट्रक का पीछा कर उसे कोतमा के बंजारा चौराहे पर रोका और पुलिस को सूचना दी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला