राजगढ़ः बाइक चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश, दो आरोपित गिरफ्तार
राजगढ़, 24 मई (हि.स.)। मध्यप्रदेश के राजगढ़ जिले के सारंगपुर थाना पुलिस टीम ने सीसीटीवी फुटेज व साइबर सेल की मदद से बाइक चोरी करने वाले गिरोह के दो सदस्यों को गिरफ्तार किया और उनके कब्जे से दो बाइकें जब्त की।
थाना प्रभारी राहुल रघुवंशी ने रविवार को बताया कि 5 अप्रैल को फरियादी लालसिंह पिता हीरालाल तंवर निवासी निपानियातुला ने शिकायत की, शासकीय अस्पताल परिसर से अज्ञात बदमाश उसकी मोटरसाइकिल चोरी कर ले गया। वहीं 20 मई को अरविंद पिता रमेषचंद्र गुर्जर निवासी पड़ाना ने शिवधाम कॉलोनी स्थित घर के बाहर खड़ी बाइक चोरी होने की शिकायत दर्ज की। पुलिस ने दोनों प्रकरण में अज्ञात के खिलाफ 303(2) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई। विवेचना के दौरान पुलिस अधीक्षक अमित तोलानी के निर्देशन, एएसपी केएल. बंजारे, एसडीओपी अरविंदसिंह के मार्गदर्षन में गठित टीम ने 50 सीसीटीवी फुटेज खंगाले और साइबर सेल की तकनीकी मदद से पुलिस ने गिरोह के दो सदस्यों को हिरासत में लिया, जिनमें उमेश (30) पिता बनेसिंह कंजर और नरेन्द्र (25) पिता लखन कंजर निवासी कंजरडेरा थाना पीपलरावा जिला देवास शामिल है।
पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से बाइक क्रमांक एमपी 39 जेडके 3735 और बाइक क्रमांक एमपी 39 जेडए 6019 बरामद की। कार्रवाई के दौरान थानाप्रभारी राहुल रघुवंशी, एसआई राहुल सेंधव, एएसआई जमनाप्रसाद सिसोदिया, प्रआर.गिरिराज मीणा, आर. सत्येन्द्र, बनवारी गुर्जर सहित अन्य पुलिसकर्मी मौजूद रहे। पुलिस ने कहा कि अपराधियों के विरुद्ध ऐसी प्रभावी कार्यवाही आगे भी जारी रहेगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक