राजगढ़ः हाईवे किनारे डकैती की योजना बना रहे दो बदमाश गिरफ्तार,चार फरार
राजगढ़, 21 जुलाई (हि.स.)। मध्यप्रदेश के राजगढ़ जिले के देहात ब्यावरा थाना क्षेत्र में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए हाईवे से लगे ग्राम चमारी के कच्चे रास्ते पर डकैती की योजना बना रहे गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने मौके से दो आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया, जबकि उनके चार साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए। आरोपितों के कब्जे से एक पिकअप वाहन, खटकेदार चाकू, धारदार फर्सी और लाठी-डंडे बरामद किए गए हैं।
थाना प्रभारी प्रवीण जाट ने मंगलवार को बताया कि सोमवार देर रात मुखबिर से सूचना मिली थी कि कुछ बदमाश हाईवे के पास चमारी रोड पर डकैती की योजना बना रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तत्काल घेराबंदी कर मौके पर दबिश दी। पुलिस को देखते ही बदमाशों में भगदड़ मच गई। कार्रवाई के दौरान केदार पुत्र धुलीलाल तंवर और गंगाराम पुत्र बंशीलाल तंवर, निवासी मोतीपुरा, थाना दांगीपुरा, जिला झालावाड़ (राजस्थान) को गिरफ्तार कर लिया गया। वहीं बनेसिंह भील निवासी जूनापानी, अजमेर भील निवासी मोंगियावे जिला झालावाड़ तथा मोहन तंवर और भूरा तंवर निवासी माचलपुर थाना राजगढ़ कोतवाली मौके से फरार हो गए। पुलिस ने घटनास्थल से आरजे 17 जीए-5047 नंबर की पिकअप, खटकेदार चाकू, धारदार फर्सी और लाठी-डंडे जब्त किए हैं। प्रारंभिक पूछताछ में पुलिस को गिरोह की गतिविधियों से जुड़े महत्वपूर्ण सुराग मिले हैं। फरार आरोपितों की तलाश के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। पुलिस ने आरोपितों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 310(4) एवं 310(5) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही फरार आरोपितों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक