राजगढ़ः जंगल से चंदन के पेड़ काटकर बेचने की साजिश नाकाम, 12.9 किलो लकड़ी के साथ खरीदार समेत 4 गिरफ्तार
राजगढ़, 03 जुलाई (हि.स.)। मध्यप्रदेश के राजगढ़ जिले की सारंगपुर पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर ग्राम किठोर रोड स्थित अंडरब्रिज के समीप से घेराबंदी कर बाइक सवार तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से 12 किलो 900 ग्राम चोरी की चंदन लकड़ी, वारदात में प्रयुक्त बिना नंबर की सीडी-100 मोटरसाइकिल और चंदन काटने में इस्तेमाल की गई लोहे की कुल्हाड़ी जब्त की गई, जिसकी कुल कीमत 50 हजार 700 रुपए बताई गई है।
थाना प्रभारी राहुल रघुवंषी ने शुक्रवार को बताया कि गुरुवार रात मुखबिर से सूचना मिली कि तीन व्यक्ति चोरी की चंदन लकड़ी लेकर सारंगपुर बेचने आने वाले हैं। पुलिस ने किठोर रोड अंडरब्रिज के पास घेराबंदी कर बाइक सवार तीन युवकों को पकड़ा। पूछताछ में आरोपितों ने अपने नाम रईस मेव (50), मामूर खां (55) और गोकुल अहिरवार (60), निवासी ग्राम काछीखेड़ी बताए। तलाशी लेने पर उनके पास से 12.9 किलो चंदन की लकड़ी और एक लोहे की कुल्हाड़ी बरामद हुई। पूछताछ में आरोपितों ने स्वीकार किया कि उन्होंने ग्राम आसारेटा के जंगल से चंदन के पेड़ काटकर लकड़ी चोरी की थी और उसे सारंगपुर के पिंजारा बाखल निवासी मोहसिन (26) को बेचने जा रहे थे। आरोपितों की निशानदेही पर पुलिस ने खरीदार मोहसिन को भी गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपितों के खिलाफ धारा 303(2) बीएनएस, भारतीय वन अधिनियम, 1927 की धारा 26 के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है। कार्रवाई के दौरान थानाप्रभारी राहुल रघुवंशी, एएसआई आनंदीलाल भिलाला, आर.बनवारी गुर्जर, लोकेष परमार, सत्येन्द्र रघुवंशी सहित अन्य पुलिसकर्मी मौजूद रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक