राजगढ़ः एक ही फोटो-आईडी पर ढ़ाई हजार से अधिक सिम एक्टिवेट,पांच आरोपित गिरफ्तार
राजगढ़, 16 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले में जिले में फर्जी सिम कार्ड बनाकर उनका अपराधों में इस्तेमाल करने वाले गिरोह का बड़ा खुलासा हुआ है। पुलिस ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की मदद से प्रकरण में ब्यावरा, सुठालिया और पचोर से पांच शातिर बदमाशों को हिरासत में लिया है, जिन्होंने एक ही फोटो और पहचान पत्र के आधार पर करीब ढ़ाई हजार सिम कार्ड एक्टिवेट कर दिए, जिनका उपयोग ठगी सहित अन्य आपराधिक गतिविधियों में किया जा रहा था।
सायबर सेल प्रभारी जितेन्द्र अजनारे ने सोमवार को बताया कि पुलिस मुख्यालय भोपाल से राजगढ़ पुलिस को फर्जी सिम कार्ड की जांच और कार्रवाई के निर्देश मिले थे। इसके बाद जिले के विभिन्न थाना क्षेत्र में संदिग्ध गतिविधियों की जांच शुरु की गई। जांच के दौरान एआई तकनीक का उपयोग कर एक ही फोटो और आईडी पर बड़ी संख्या में सिम एक्टिवेट होने का पता लगा। पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए ब्यावरा के कृष्णापुरम मार्ग निवासी संदीप(46)पुत्र शिवकुमार गौड़, चंदन(40)पुत्र रोडूमल साहू निवासी मोंगिया मौहल्ला, संतोष(30)पुत्र मोहनसिंह लोधी निवासी टोड़ी थाना सुठालिया और पचोर थाना क्षेत्र से संदीप वर्मा व गोपाल माहेश्वरी को हिरासत में लिया। पुलिस ने पूछताछ के बाद आरोपितों को अदालत में पेश कर आगे की कार्रवाई शुरु की।
बताया गया है कि 2021-22 के दौरान सिम कार्ड जारी करने के प्रक्रिया में बायोमैट्रिक सत्यापन करना अनिवार्य नही था। इसी का फायदा लेकर आरोपित एक फोटो और पहचान पत्र का उपयोग कर कई सिम कार्ड एक्टिवेट करवा लेते थे। कई मामलों में किसी अन्य व्यक्ति की फोटो लगाकर भी सिम चालू कर दिए जाते थे, जिससे वास्तविक उपयोगकर्ता की पहचान छिपी रहती थी। इन सिम कार्ड का उपयोग अधिकांशतःआनलाइन ठगी, धोखाधड़ी सहित अन्य आपराधिक गतिविधियों में किया जाता है। पुलिस मामले में अन्य संदिग्ध दुकानदारों और लोगों की जानकारी जुटा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक