राजगढ़ः पांच के नोट के बदले 17 लाख का झांसा देकर किसान से ठगे 3.65 लाख, साइबर ठग गिरफ्तार
राजगढ़, 01 जुलाई (हि.स.)। मध्यप्रदेश के राजगढ़ जिले के शहर ब्यावरा थाना पुलिस टीम ने तकनीकी विश्लेषण, मोबाइल नंबर और मुखबिर की सूचना पर विशेष पांच के नोट के बदले 17 लाख का झांसा देकर तीन लाख 65 हजार की ठगी करने वाले आरोपित को हिरासत में लिया। पुलिस ने आरोपित के कब्जे से तीन लाख 24 हजार रुपए नकद व घटना में प्रयुक्त दो मोबाइल जब्त किए है।
पुलिस अधीक्षक अमित तोलानी ने पुलिस नियंत्रण कक्ष में बुधवार को आयोजित प्रेसवार्ता में खुलासा करते हुए बताया कि ग्राम आलमपुर निवासी अनिल पुत्र देवीसिंह राजपूत के पास पांच रुपए का एक विशेष नोट था, जिस पर ट्रेक्टर का चित्र बना हुआ था। फेसबुक के माध्यम से संपर्क करने वाले आरोपी ने इस नोट के बदले 17 लाख रुपए दिलाने का झांसा दिया। विश्वास जीतने के बाद उसने अलग-अलग बहाने बनाकर बैंक खातों और डिजिटल माध्यम से किश्तों में कुल 3.65 लाख अपने खातों में ट्रांसफर करा लिए। पूरी जमा पूंजी गंवाने के बाद पीड़ित मानसिक रूप से टूट गया और आत्महत्या करने के इरादे से निकल पड़ा। इसी दौरान ग्राम आलमपुर निवासी बलवंतसिंह सौंधिया ने उसे समझाकर यह कदम उठाने से रोका और अपने साथ थाना ब्यावरा शहर लेकर पहुंचा। पुलिस ने मामले में अज्ञात के खिलाफ धारा 318(4) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज किया।
विवेचना के दौरान सेफ क्लिक अभियान 2.0 के तहत पुलिस अधीक्षक अमित तोलानी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक केएल. बंजारे और एसडीओपी प्रकाश शर्मा के निर्देशन में ब्यावरा शहर थाना पुलिस व साइबर टीम ने इस कार्रवाई को अंजाम दिया। पुलिस टीम ने तकनीकी विश्लेषण, बैंक खातों, मोबाइल नंबर, आईएमईआई और डिजिटल ट्रांजेक्शन की जांच के आधार पर राजस्थान के खैरथल-तिजारा जिले के मटोरे गांव निवासी 28 वर्षीय जुबेर पुत्र सुभान खान को गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपित के कब्जे से 3.24 लाख नकद, वीवो और रियलमी कंपनी के दो मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। मोबाइलों का फॉरेंसिक परीक्षण कराया जा रहा है तथा साइबर ठगी से जुड़े अन्य आरोपियों और नेटवर्क की जांच जारी है। पीड़ित की जान बचाने वाले बलवंतसिंह सौंधिया को पुलिस अधीक्षक ने शॉल, श्रीफल और प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक