राजगढ़ में नकबजनी का खुलासा, आरोपी गिरफ्तार, 2.40 लाख रुपए बरामद
राजगढ़, 20 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले की बोड़ा थाना पुलिस ने घर में घुसकर नकदी चोरी करने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की पूरी 2 लाख 40 हजार रुपये की राशि भी बरामद कर ली है।
थानाप्रभारी देवेन्द्र सिंह राजपूत ने बुधवार को बताया कि ग्राम गुराड़िया खेड़ी निवासी 60 वर्षीय मथुरालाल यादव ने 16 मई को थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया था कि 15 मई की रात अज्ञात व्यक्ति उनके घर में घुसा और बिस्तर के नीचे रखे 2.40 लाख रुपये चोरी कर ले गया।
मामले में पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ बीएनएस की संबंधित धाराओं में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस अधीक्षक अमित तोलानी के निर्देशन तथा एएसपी केएल बंजारे और एसडीओपी नरसिंहगढ़ मिनी शुक्ला के मार्गदर्शन में विशेष टीम गठित की गई।
जांच के दौरान पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और साइबर सेल की मदद से संदिग्ध की पहचान ग्राम गुराड़िया खेड़ी निवासी राहुल वर्मा के रूप में की। हिरासत में लेकर पूछताछ करने पर आरोपी ने चोरी करना स्वीकार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी गई पूरी राशि बरामद कर ली है। कार्रवाई में थाना प्रभारी देवेन्द्र सिंह राजपूत, एएसआई मांगीलाल शिवहरे, प्रधान आरक्षक रामनारायण जटिया सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक