राजगढ़ः हत्या के प्रयास के मामले में फरार आरोपित गिरफ्तार
राजगढ़, 11 जुलाई (हि.स.)। मध्यप्रदेश के राजगढ़ जिले के बोडा थाना पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर बुजुर्ग पर तलवार से जानलेवा हमला करने के मामले में फरार आरोपित को महज कुछ ही घंटों में गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपित को न्यायालय में पेश कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
थाना प्रभारी देवेन्द्र सिंह राजपूत ने शनिवार को बताया कि 7 जुलाई को ग्राम आंकखेड़ी कला निवासी भागीरथ (64)पुत्र धनसिंह भिलाला ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि गांव के ही छगनलाल पिता देवसिंह रुहेला ने पुरानी रंजिश के चलते जान से मारने की नीयत से उस पर तलवार से हमला कर दिया। हमले में भागीरथ को गंभीर चोटें आईं। पुलिस ने मामले में आरोपित के खिलाफ बीएनएस की विभिन्न धाराओं तथा अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज किया। विवेचना के दौरान पुलिस अधीक्षक अमित तोलानी के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक केएल. बंजारे और एसडीओपी नरसिंहगढ़ प्रकाश शर्मा के नेतृत्व में गठित टीम ने मुखबिर की सूचना पर छगनलाल को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जिसके बाद अब आगे की कार्रवाई की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक