राजगढ़ः रास्ते के विवाद में पत्थरों से पीटकर की जीजा की हत्या, आरोपित साला गिरफ्तार

 


राजगढ़, 28 नवंबर (हि.स.)। मध्यप्रदेश के राजगढ़ जिले के पचोर थाना पुलिस टीम ने ग्राम पानिया में रास्ते को लेकर साले और जीजा के बीच हुए विवाद में 65 वर्षीय बुजुर्ग की मौत हो गई। आरोप है कि साले ने अपनी पत्नी के साथ मिलकर जीजा के साथ पत्थरों से मारपीट की थी। गंभीर रूप से घायल बुजुर्ग ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। पुलिस ने मामले में मुख्य आरोपित को महज कुछ घंटों में गिरफ्तार कर लिया है, जबकि उसकी पत्नी फरार है।

एएसपी के. एल.बंजारे ने शनिवार को मामले का खुलासा करते हुए बताया कि 26 नवंबर की सुबह ग्राम पानिया निवासी धूलसिंह (65) पुत्र देवसिंह गुर्जर का रास्ते के विवाद को लेकर अपने साले चंदरसिंह (50) पुत्र देवीसिंह गुर्जर और उसकी पत्नी भूरीबाई से विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर दोनों ने धूलसिंह के साथ पत्थरों से मारपीट की। इससे उन्हें गंभीर अंदरूनी चोटें आईं। परिजन उन्हें उपचार के लिए शासकीय अस्पताल पचोर लेकर पहुंचे। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें शाजापुर रेफर किया गया, जहां अस्पताल में उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। मामले में फरियादी गोविंद गुर्जर की रिपोर्ट और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर पचोर थाने में चंदरसिंह और भूरीबाई के खिलाफ धारा 296(बी), 115(2), 351(3) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज किया गया। पुलिस ने मामले में धूलसिंह की मौत के बाद धारा 103(1) बीएनएस के तहत इजाफा किया। विवेचना के दौरान एसपी अमित तोलानी के निर्देश पर गठित टीम ने साइबर सेल की मदद से मुख्य आरोपित चंदरसिंह गुर्जर को ग्राम पानिया से गिरफ्तार कर लिया। मामले में आरोपित की फरार पत्नी भूरीबाई की तलाश जारी है। कार्रवाई के दौरान थाना प्रभारी शकुंतला बामनिया, एसआई अशोक भगत, प्रआर.रामकुमार रघुवंशी, आर.गोविंद,सुनील गुर्जर और महिला आर.माया राजपूत सहित अन्य पुलिसकर्मी मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक