राजगढ़ः बस स्टैंड पर युवक से मारपीट के मामले मुख्य आरोपित गिरफ्तार, दो अन्य की तलाश जारी
राजगढ़, 06 जुलाई (हि.स.)। मध्यप्रदेश के राजगढ़ जिले के सुठालिया थाना पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बस स्टैंड पर फल की कैरेट उठाने की बात को लेकर हुए विवाद में युवक के साथ मारपीट करने के मामले में मुख्य आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं घटना में शामिल दो अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
थाना प्रभारी अनिल राहोरिया ने सोमवार को बताया रविवार देर शाम सुठालिया बस स्टैंड पर योगेश (28) पुत्र धीरजसिंह तोमर निवासी भोजपुरिया, थाना पचोर का बबलू पुत्र मथुरालाल केवट, उसके बेटे मनीष केवट और जगदीश उर्फ चिंटू केवट निवासी सेलिब्रेशन गार्डन रोड, सुठालिया से फल की कैरेट उठाने की बात को लेकर विवाद हो गया। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और आरोपितों ने योगेश के साथ गाली-गलौज करते हुए डंडे और प्लास्टिक पाइप से मारपीट कर दी साथ ही जान से मारने की धमकी भी दी। पुलिस ने मामले में आरोपितों के खिलाफ धारा 296,115(2), 351(3) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज किया। घटना की गंभीरता और कस्बे में शांति व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अमित तोलानी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक केएल. बंजारे तथा एसडीओपी ब्यावरा प्रकाश शर्मा के निर्देशन में गठित टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपित बबलू केवट को बस स्टैंड से गिरफ्तार कर लिया। आरोपित के विरुद्ध प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करते हुए न्यायालय में पेश किया गया है, जबकि फरार दोनों आरोपितों की तलाश जारी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक